जबलपुर में प्राचीन पचमठा मंदिर में चोरी, दानपेटी से नगदी व जेवर लेकर भागे चोर

जबलपुर में प्राचीन पचमठा मंदिर में चोरी, दानपेटी से नगदी व जेवर लेकर भागे चोर

प्रेषित समय :15:34:34 PM / Sat, Sep 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में अधारताल स्थित प्राचीन लक्ष्मी-नारायण पचमठा मंदिर में देर रात चोरों ने दानपेटी तोड़कर नगदी रुपए व जेवर चोरी कर लिए. नकाबपोशचोरों ने मंदिर में घुसते ही सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे तोड़े इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने जांच के बाद चोरों की तलाश शुरु कर दी है. घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त रहा.

पुलिस के अनुसार अधारताल थाना से कुछ दूरी पर प्रसिद्ध लक्ष्मी नारायण मंदिर (पचमठा) के पुजारी ने बीती रात करीब 9 बजे मंदिर में ताला लगाया और घर चले गए थे. आज  सुबह मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला. अंदर दानपेटी गायब थी और भगवान का आसन भी बिखरा हुआ था. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. जानकारी मिलते ही आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. सीएसपी राजेश्वरी कौरव और टीआई विपिन ताम्रकार ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया.

कुछ देर बाद स्थानीय विधायक अशोक रोहाणी भी मंदिर पहुंचे. पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो अधिकांश कैमरे टूटे मिले. हालांकि एक कैमरा चोरों की नजर से बच गया था. उसकी फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध मंदिर से जाते हुए दिखाई दिए. पुलिस अब फुटेज के आधार पर उनके हुलिए की पहचान कर तलाश में जुटी है. सीएसपी ने बताया कि डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. चोरों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें आसपास के इलाकों में लगाई गई हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-