जबलपुर। एमपी के जबलपुर में भानतलैया क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भगवान गणेश जी की मूर्ति बना रहे बब्बा सोनकर उर्फ मनोज सोनकर की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिन्होने बब्बा सोनकर खून से लथपथ हालत में देखा तो पुलिस को खबर दी। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी बल सहित मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार बब्बा सोनकर उम्र 45 वर्ष देर रात 12.45 बजे के लगभग पंडाल में गणेश प्रतिमाओं को आकार देने के काम में जुटे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने पीछे से उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। इसके बाद घायल बब्बा सोनकर को पहले हनुमानताल थाने ले जाया गया, जहां से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के प्रयास किए, लेकिन उनकी मौत हो गई। हनुमानताल पुलिस ने हत्या की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मृतक का मराठा समुदाय के कुछ लोगों से पुराना विवाद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
जबलपुर में गणेश जी की प्रतिमा बना रहे मूर्तिकार की गोली मारकर हत्या, भानतलैया क्षेत्र में घटना से सनसनी
प्रेषित समय :03:29:15 AM / Sat, Sep 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




