हैदराबाद से जबलपुर आई इंडिगो की इंदौर की फ्लाइट ऐन वक्त पर हुई रद्द, मुसाफिर फंसे, जताई नाराजगी

हैदराबाद से जबलपुर आई इंडिगो की इंदौर की फ्लाइट ऐन वक्त पर हुई रद्द, मुसाफिर फंसे, जताई नाराजगी

प्रेषित समय :12:00:27 PM / Mon, Sep 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. डुमना एयरपोर्ट पर सोमवार (7 सितम्बर) की सुबह उस समय यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब हैदराबाद से चलकर जबलपुर होते हुए इंदौर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में अचानक तकनीकी गड़बड़ी आ गई. हैदराबाद से सही समय पर डुमना पहुंची इस फ्लाइट को सुबह 9:20 बजे इंदौर के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन ऐन वक्त पर खराबी के चलते संचालन पूरी तरह निरस्त करना पड़ा. 

विमान कंपनी की इस अचानक घोषणा से टर्मिनल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सैकड़ों यात्रियों को अपना पहले से तय सफर रद्द करना पड़ा, जबकि कुछ मुसाफिरों को दिल्ली होकर इंदौर भेजने का इंतजाम किया गया. बिना पूर्व सूचना विमान रद्द होने से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर एयरलाइन प्रबंधन के खिलाफ गहरा रोष प्रकट किया.

रनवे पर पहुंचने से पहले थमे विमान के पहिए

सुबह की नियमित सेवा के तहत विमान अपने तय समय पर जबलपुर पहुंचा था. ग्राउंड स्टाफ ने औपचारिकताएं पूरी कर यात्रियों का सामान भी लगेज कंपार्टमेंट में लोड कर दिया था. बोर्डिंग की तैयारी के ठीक पहले तकनीकी विशेषज्ञों को विमान प्रणाली में गंभीर खराबी का पता चला. सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए उड़ान को तत्काल रोकने का फैसला लिया गया.

यात्रियों ने जताई नाराजगी

फ्लाइट रद्द होने से सबसे ज्यादा परेशानी जरूरी बैठकों और पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे लोगों को उठानी पड़ी. जिन लोगों का सामान विमान में चढ़ चुका था, उन्हें वापस पाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा. कुछ निराश होकर शहर में अपने घरों को लौट गए, जबकि बाकी यात्री सड़क मार्ग और ट्रेन जैसे दूसरे विकल्पों की तलाश में भटकते रहे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-