ईडी ने टीएमसी सांसद नदीमुल हक पर कसा शिकंजा, कोलकाता से दिल्ली तक कई ठिकानों पर छापेमारी

ईडी ने टीएमसी सांसद नदीमुल हक पर कसा शिकंजा, कोलकाता से दिल्ली तक कई ठिकानों पर छापेमारी

प्रेषित समय :11:51:33 AM / Mon, Sep 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर सोमवार को छापेमारी की. ED की टीमें कोलकाता और दिल्ली में एक साथ तलाशी अभियान चला रही हैं. कोलकाता में नदीमुल हक के उर्दू अखबार अखबार-ए-मशरिक के कार्यालय और उनके आवास पर तलाशी ली जा रही है. वहीं, दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास पर भी ईडी की कार्रवाई जारी है. यह आवास अस्थायी रूप से टीएमसी के कार्यालय के तौर पर भी इस्तेमाल किया जाता है.

कोलकाता में ईडी की कार्रवाई पार्क सर्कस के दरगा रोड स्थित अखबार-ए-मशरिक के कार्यालय में चल रही है. नदीमुल हक इस अखबार के निदेशक बताए जा रहे हैं. तलाशी के दौरान कार्यालय परिसर को केंद्रीय सुरक्षा बलों ने घेर लिया है. सुरक्षा कारणों से कार्यालय का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया गया है और तलाशी अभियान के दौरान किसी को भी अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.

ईडी सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जांच के तहत की जा रही है. एजेंसी कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित लेन-देन, दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रही है. जांच के दायरे में अखबार-ए-मशरिक से जुड़े वित्तीय दस्तावेज भी शामिल हैं. अखबार-ए-मशरिक का प्रकाशन कोलकाता के अलावा दिल्ली, रांची, आसनसोल, सिलीगुड़ी, भोपाल, लखनऊ और श्रीनगर से भी होता है. ऐसे में ईडी अलग-अलग प्रकाशन केंद्रों से जुड़े वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही है.

सूत्रों के मुताबिक, ED की कोलकाता टीम ने मामले से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है. यह कार्रवाई बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट में दर्ज एक एफआईआक के आधार पर ईडी द्वारा दर्ज की गई ईसीआईआर से जुड़ी बताई जा रही है. एजेंसी की जांच पूरी होने के बाद ही मामले में सामने आए वित्तीय लेन-देन और कथित अनियमितताओं की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-