जबलपुर. एमपी के जबलपुर में 26 शराब दुकानों पर तय रूक्रक्क से ज्यादा दाम में शराब बेचने का आरोप लगाया गया है. यूथ कांग्रेस ने आबकारी विभाग पर ठेकेदारों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए शिकायत की है. संगठन ने शिकायत के साथ दुकानों के वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और ऑनलाइन पेमेंट के सबूत भी सौंपे हैं.
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने 1 जून 2026 से ग्राहक बनकर शहर की अलग-अलग शराब दुकानों से विभिन्न ब्रांड की शराब खरीदी. इस दौरान प्रति बोतल 10 से 50 रुपए तक ज्यादा लिए जाने का आरोप लगाया गया. कार्यकर्ताओं के मुताबिक, उन्होंने पहले आबकारी विभाग के अधिकारियों से भी इसकी शिकायत की थी. आरोप है कि शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई. यूथ कांग्रेस ने कई शराब दुकानों के पास अवैध अहाते संचालित होने का भी आरोप लगाया है.
संगठन का कहना है कि इन अहातों के कारण आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है. यूथ कांग्रेस ने आबकारी विभाग की कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाए हैं. संगठन का आरोप है कि इससे शराब ठेकेदारों को बढ़ावा मिल रहा है. यूथ कांग्रेस ने प्रशासन को शिकायत के साथ 26 दुकानों के वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और यूपीआई पेमेंट के ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड दिए हैं. संगठन ने नियमों का उल्लंघन करने वाली दुकानों पर कार्रवाई और अवैध अहाते बंद कराने की मांग की है. साथ ही एमआरपी से ज्यादा कीमत वसूलने वाले ठेकेदारों के लाइसेंस रद्द करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई है.

