जबलपुर जिला पंचायत में परियोजना प्रबंधक से मारपीट, पत्नी के खिलाफ विभागीय जांच से नाराज पति ने मचाया हंगामा

जबलपुर जिला पंचायत में परियोजना प्रबंधक से मारपीट, पत्नी के खिलाफ विभागीय जांच से नाराज पति ने मचाया हंगामा

प्रेषित समय :18:27:54 PM / Wed, Sep 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में जिला पंचायत कार्यालय में परियोजना प्रबंधक अंजुला झा से मारपीट का मामला सामने आया है. वह दफ्तर में काम कर रही थीं, तभी दोपहर करीब 12.15 से 12.30 बजे के बीच सहायक विकासखंड प्रबंधक आरती सोनी के पति योगेश सोनी वहां पहुंच गए.

बताया गया है कि योगेश सोनी सीधे अंजुला झा के पास गए और अपनी चेयर पर बैठी महिला अधिकारी को थप्पड़ मारने लगे. बीच-बचाव करने पहुंचे साथी कर्मचारी ने उन्हें रोकने की कोशिश की. इस दौरान योगेश सोनी ने महिला अधिकारी को लात भी मार दी. पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. गौरतलब है कि अंजुला झा एक मामले में आरती सोनी के खिलाफ विभागीय जांच कर रही हैं.

इसी जांच से नाराज होकर योगेश सोनी ने कार्यालय पहुंचकर मारपीट की. जिला पंचायत में परियोजना प्रबंधक अंजुला झा ने पुलिस को बताया कि सहायक विकासखंड प्रबंधक आरती सोनी के पति योगेश सोनी अचानक उनके कार्यालय में घुस आए. उन्होंने अभद्रता की और शासकीय काम में बाधा डाली. अंजुला झा के मुताबिक, यह हमला उनके द्वारा की जा रही विभागीय जांच की रंजिश में किया गया है.

घटना के बाद जिला पंचायत कार्यालय में हड़कंप मच गया. अचानक हुए घटनाक्रम से अधिकारी-कर्मचारी सकते में आ गए. हालांकि, पूरे मामले में सहायक विकासखंड प्रबंधक आरती सोनी से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई. वहीं, उनके पति घटनाक्रम के बाद फरार हो गए. थाना प्रभारी जितेंद्र पाटकर ने बताया कि अंजुला झा की लिखित शिकायत पर योगेश सोनी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट की धाराओं में एफआईआर कर ली गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-