ग्वालियर के डबरा में 50 बच्चों से भरी स्कूल बस पर बदमाशों ने की फायरिंग, ड्राइवर हुआ घायल

ग्वालियर के डबरा में 50 बच्चों से भरी स्कूल बस पर बदमाशों ने की फायरिंग, ड्राइवर हुआ घायल

प्रेषित समय :13:42:21 PM / Sat, Sep 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा के पिछोर थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब स्कूली बच्चों से भरी बस को भी नहीं बख्शा. शनिवार 12 सितम्बर की तड़के टेकनपुर के ग्लोरीयस कॉन्वेंट स्कूल की बस पर कार सवार दो युवकों ने कट्टे से 4 राउंड फायरिंग कर दी. घटना के समय बस में करीब 50 बच्चे सवार थे. फायरिंग में बस चालक खेम सिंह घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है.

पेट्रोल खत्म होने की बात पर भड़के और कट्टा निकाल दिया

जानकारी के अनुसार बस सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी. बड़ी अकबई गांव के पास सड़क पर एक स्विफ्ट कार बीच में खड़ी थी. कार पर गुर्जर लिखा था और काले शीशे लगे थे. ड्राइवर ने हॉर्न बजाकर कार हटाने को कहा तो युवकों ने पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाया. ड्राइवर ने धक्का देकर कार हटाने की बात कही तो दोनों आरोपी भड़क गए और ड्राइवर से उलझ पड़े. बहस के दौरान ही एक आरोपी ने अवैध कट्टा निकालकर बस पर ताबड़तोड़ 4 फायर झोंक दिए. बताया जा रहा है कि गोली ड्राइवर को लगी और बस के शीशे पर भी निशान हैं. गनीमत रही कि कोई गोली किसी बच्चे को नहीं लगी, नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता.

एसडीओपी मौके पर, बस थाने में खड़ी

घटना की सूचना पर एसडीओपी सौरभ कुमार और पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने बस को थाने परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया और बच्चों को सुरक्षित परिजनों के हवाले किया. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-