जबलपुर. दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों पर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढऩे की आशंका को देखते हुए रेलवे ने खास इंतजाम किया है. यात्रियों को सुविधा देने के लिए पुणे–गोरखपुर और मुंबई सीएसएमटी-गोरखपुर के बीच दो जोड़ी रोजाना चलने वाली स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया गया है.
खास बात यह है कि दोनों ट्रेनें पश्चिम मध्य रेलवे के इटारसी और भोपाल होकर गुजरेंगी. इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी.
गाड़ी संख्या 01415/01416 पुणे–गोरखपुर–पुणे स्पेशल ट्रेन 9 अक्टूबर से 21 नवंबर 2026 तक पुणे से चलेगी. वहीं, गोरखपुर से यह ट्रेन 10 अक्टूबर से 22 नवंबर तक चलेगी. इसके कुल 44 फेरे होंगे.
पुणे से यह ट्रेन सुबह 6:50 बजे रवाना होकर इटारसी रात 9:10 बजे पहुंचेगी और 10 मिनट बाद 9:20 बजे रवाना होगी. इसके बाद भोपाल रात 11:15 से 11:25 बजे के बीच पहुंचेगी. ट्रेन गोरखपुर अगले दिन शाम 4 बजे पहुंचेगी.
वापसी में गोरखपुर से यह ट्रेन शाम 5:30 बजे चलकर भोपाल अगले दिन सुबह 10:05 बजे और इटारसी दोपहर 12:10 बजे पहुंचेगी. पुणे पहुंचने का समय अगले दिन सुबह 3:30 बजे रहेगा. इस ट्रेन में 6 स्लीपर, 6 सामान्य, 4 थर्ड एसी और 2 एसएलआरडी, यानी कुल 18 कोच रहेंगे.
गाड़ी संख्या 01079/01080 मुंबई सीएसएमटी–गोरखपुर–मुंबई सीएसएमटी स्पेशल ट्रेन 9 अक्टूबर से 20 नवंबर तक मुंबई से चलेगी. गोरखपुर से यह ट्रेन 11 अक्टूबर से 22 नवंबर तक चलेगी. इसके कुल 43 फेरे होंगे.
मुंबई से रात 10:30 बजे रवाना होने वाली यह ट्रेन अगले दिन इटारसी दोपहर 1:05 बजे और भोपाल 3:55 बजे पहुंचेगी. गोरखपुर पहुंचने का समय अगले दिन सुबह 10 बजे रहेगा.
वापसी में गोरखपुर से दोपहर 2:30 बजे रवाना होकर यह ट्रेन भोपाल अगले दिन सुबह 6:30 बजे और इटारसी सुबह 8:40 बजे पहुंचेगी. मुंबई सीएसएमटी पहुंचने का समय अगले दिन रात 12:40 बजे रहेगा. इस ट्रेन में 12 स्लीपर, 6 सामान्य, 4 थर्ड एसी और 2 एसएलआर, कुल 24 आईसीएफ कोच रहेंगे.
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की मौजूदा स्थिति और समय की जानकारी रेलवन, रेलवे हेल्पलाइन 139 या एनटीईएस से जरूर देख लें.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

