अब रिक्शा खींचेगा रोबोट, चार पैरों वाले ‘मैजिकडॉग’ ने इंसानों को कराई सवारी, दुनिया हैरान

अब रिक्शा खींचेगा रोबोट, चार पैरों वाले ‘मैजिकडॉग’ ने इंसानों को कराई सवारी; दुनिया हैरान

प्रेषित समय :12:02:37 PM / Tue, Sep 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

शंघाई. विज्ञान और रोबोटिक्स की दुनिया में हर दिन नए प्रयोग देखने को मिल रहे हैं, लेकिन चीन के महानगर शंघाई में तकनीक का एक ऐसा अजूबा सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. यहां इंसान या घोड़े की जगह एक चार पैरों वाला आधुनिक रोबोट डॉग रिक्शा खींचता हुआ नजर आया है. इस हाईटेक रिक्शे पर सवार होकर लोग शहर की सैर का आनंद लेते दिखे, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

‘मैजिकडॉग’ ने कराई लोगों को रिक्शे की सैर

यह अनोखा प्रदर्शन शंघाई में आयोजित ‘इन्क्लूजन कॉन्फ्रेंस ऑन द बंड’ के दौरान देखने को मिला. इस चार पैरों वाले रोबोट का नाम ‘मैजिकडॉग’ (MagicLab) है. डेवलपर्स ने इस रोबोट के पीछे पारंपरिक हाथ-रिक्शे को जोड़कर एक नया प्रयोग किया. सम्मेलन में आने वाले आगंतुकों को इस रिक्शे पर बैठाया गया और रोबोट डॉग उन्हें खींचते हुए पूरे परिसर में घुमाता नजर आया.

मोड़ों पर भी बेहतरीन संतुलन, घोड़े से भी बेहतर प्रदर्शन

इस रोबोट की सबसे बड़ी खासियत इसका संतुलन और नियंत्रण रहा. यह रोबोट न केवल रिक्शे को सुगमता से आगे खींच रहा था, बल्कि संकरे रास्तों और मोड़ों पर भी बिना किसी झटके के खुद को मोड़ ले रहा था. विशेषज्ञों और प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि संतुलन और नियंत्रण के मामले में यह पारंपरिक घोड़े से खींची जाने वाली गाड़ी की तुलना में भी ज्यादा सुरक्षित और बेहतर साबित हो रहा है.

सर्विलांस के लिए हुआ था तैयार, अब सामान ढोने में होगा इस्तेमाल

मूल रूप से ‘मैजिकडॉग’ को इंडस्ट्रियल इलाकों, फैक्ट्रियों और संवेदनशील परिसरों में निगरानी (सर्विलांस) के मकसद से डिजाइन किया गया था. हालांकि, इसकी मजबूत पकड़ और भार खींचने की क्षमता को देखते हुए डेवलपर्स अब इसे अलग-अलग क्षेत्रों में आजमाने की तैयारी कर रहे हैं. रोबोट को तैयार करने वाली टीम का कहना है कि इंसानों को सवारी कराने के साथ-साथ अब इसे भारी सामान ढोने और कई अन्य वाणिज्यिक कार्यों में तैनात करने के नए तरीके तलाशे जा रहे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-