81वीं नेशनल रेलवे मेंस फुटबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ, जबलपुर में देश भर की 13 रेलवे टीमें ले रही हैं भाग

81वीं नेशनल रेलवे मेंस फुटबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ, जबलपुर में देश भर की 13 रेलवे टीमें ले रही हैं भाग

प्रेषित समय :20:51:28 PM / Tue, Sep 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. भारतीय रेल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं खिलाडिय़ों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 81वीं अखिल भारतीय रेलवे (पुरुष) फुटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 के लीग राउंड का शुभारंभ 15 सितम्बर को रेलवे स्टेडियम, जबलपुर में मुख्य अथिति पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह द्वारा किया गया.

इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेल खेलकूद संघ के अध्यक्ष मनोज गुरुमुखी, उपाध्यक्ष अनिरुद्ध कौशल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस. डी. पाटीदार, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त राजीव कुमार यादव, सचिव महाप्रबंधक जे.पी. सिंह सहित मुख्यालय एवं मंडलों के वरिष्ठ अधिकारी, रेलकर्मी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे.

पश्चिम मध्य रेल खेलकूद संघ, जबलपुर द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 15 से 24 सितम्बर 2026 तक रेलवे स्टेडियम एवं शिवाजी ग्राउंड, सदर, जबलपुर में आयोजित की जा रही है. लीग राउंड में कुल 13 रेलवे टीमें दो पूलों में विभाजित होकर मुकाबले कर रही हैं.

पूल-ए में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, उत्तर सीमांत रेलवे, रेलवे बोर्ड, दक्षिण रेलवे, बनारस लोकोमोटिव वर्क्स एवं रेल व्हील फैक्ट्री की टीमें शामिल हैं, जबकि पूल-बी में पश्चिम मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे, पूर्व रेलवे, रेल कोच फैक्ट्री, दक्षिण मध्य रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे एवं दक्षिण तटीय रेलवे की टीमें भाग ले रही हैं.

प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में पश्चिम मध्य रेल ने उत्तर पश्चिम रेलवे को 6-1 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की. यह मुकाबला रेलवे स्टेडियम, जबलपुर में खेला गया. इसी क्रम में 15 सितम्बर को खेले गए अन्य मुकाबलों में रेल कोच फैक्ट्रीने पूर्व रेलवे को रेलवे स्टेडियम, जबलपुर में 2-0 से पराजित किया. शिवाजी स्टेडियम, जबलपुर में खेले गए मुकाबलों में दक्षिण रेलवे ने बनारस लोकोमोटिव वर्क्स को 7-0 से तथा पश्चिम रेलवे  ने दक्षिण मध्य  रेलवे को 7-0 से पराजित किया.

आगामी मुकाबलों में रेलवे के प्रतिभावान खिलाड़ी अपने खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देंगे. विभिन्न रेलवे टीमों के बीच होने वाले रोमांचक मुकाबले खेलप्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे. पश्चिम मध्य रेल द्वारा इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी करना रेलवे में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा खिलाडिय़ों को बेहतर अवसर एवं मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पश्चिम मध्य रेल खेलकूद संघ, जबलपुर द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-