जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गढ़ा स्थित शक्ति नगर में आज सुबह चार बजे के गणेश उत्सव समिति के पंडाल में घुसकर बदमाशों ने जमकर कोहराम मचाया. बदमाशों को समिति के सदस्य यश केवट व राधे शर्मा ने रोका तो उनपर हमला कर दिया. शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिसपर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले. क्षेत्रीय लोगों ने घायल यश केवट को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसपर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है.
पुलिस के अनुसार शारदा चौक गढ़ा निवासी यश केवट शास्त्री ब्रिज स्थित दवा दुकान में काम करता है. इसके अलावा वह शक्ति नगर में गणेश उत्सव समिति का सदस्य है. यश बीती रात दुकान से सीधे गणेश पंडाल पहुंच गया. जहां पर वह समिति के सदस्यों के साथ बैठकर तैयारियों में जुटा रहा. सुबह चार बजे के लगभग मोहल्ले के मोंटी दुबे, यश दुबे एवं हर्ष तिवारी आए और धमकी देते हुए चंदा के रुपयों से कुछ रुपए शराब पीने के लिए मांगने लगे.
यश ने मना किया तो तीनों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी. इस बीच मोन्टी ने लकड़ी के बत्ता उठाकर दनादन वार किए, जिससे यश के शरीर पर गंभीर चोटें आई. अचानक हमला होते देख पंडाल में बैठे सदस्यों में चीख पुकार व अफरातफरी मच गई. शोर सुनकर आसपास के लोग घरों से निकल आए, जिन्होने यश को देखा तो स्तब्ध रह गए. लोगों ने घायल यश को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी. खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है.

