अनिल मिश्र, गया. पत्रकारिता को केवल समाचार संकलन तक सीमित न रखते हुए पत्रकारों की पेशेगत सुरक्षा, आपसी सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने की पहल टिकारी में देखने को मिली. पंचानपुर स्थित पंडित जी फास्ट एंड फ्रेश रेस्टोरेंट के सभागार में गुरुवार को श्रमजीवी पत्रकार संघ की टिकारी अनुमंडल इकाई की बैठक में पत्रकारों से जुड़े कई व्यावहारिक मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ. बैठक में कोंच, टिकारी, गुरारू और परैया क्षेत्र के पत्रकार शामिल हुए.
बैठक में पत्रकारों के लिए आपसी सहयोग की ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया, जिससे किसी साथी पत्रकार के साथ दुर्घटना, गंभीर संकट अथवा असामयिक मृत्यु जैसी परिस्थिति आने पर संगठन उसके परिवार के साथ तत्काल खड़ा हो सके. इसके लिए कोष को मजबूत करने और पारदर्शी तरीके से आपात सहयोग उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर चर्चा हुई. वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में आर्थिक असुरक्षा के बीच छोटी-सी सामूहिक मदद भी संकट की घड़ी में परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन सकती है.
सूचना के प्रवाह को लेकर अधिकारियों से संवाद की तैयारी
बैठक में पत्रकारों और प्रशासनिक तंत्र के बीच संवाद का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा. पत्रकारों ने कहा कि विशेष बैठकों और महत्वपूर्ण प्रशासनिक गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं समय पर मीडिया तक पहुंचना आवश्यक है. इस संबंध में अनुमंडल स्तर के अधिकारियों से संवाद स्थापित कर सूचना के नियमित और सहज आदान-प्रदान की व्यवस्था बनाने पर विचार किया गया. उद्देश्य किसी टकराव के बजाय पत्रकारों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना बताया गया.
सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका
संगठन ने पत्रकारों की भूमिका को समाज की समस्याओं को सामने लाने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में सहयोग से भी जोड़ने पर बल दिया. स्थानीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से जनहित से जुड़े कार्यों में सहभागिता बढ़ाने की बात कही गई. वक्ताओं के अनुसार पत्रकार समाज की समस्याओं और आम लोगों की आवाज को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए सामाजिक जिम्मेदारी भी उनकी भूमिका का हिस्सा है.
संगठन की मजबूती पर बनी सहमति
बैठक की अध्यक्षता टिकारी अनुमंडल श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष दिग्विजय कुमार सिंह ने की, जबकि महासचिव धमेंद्र मिश्र ने संचालन किया. पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह सहित दीपक कुमार, डीके यादव, जितेंद्र मिश्र, आलोक रंजन, संजय अथर्व, अनुपम सिन्हा, संदीप कुमार, नागेंद्र कुमार राही, प्रेम मांझी, कुणाल कुमार चौरसिया, सुदर्शन कुमार, रामश्रय यादव, रामकृष्ण त्रिवेदी, नौलेश द्विवेदी, पंकज कुमार, रंजन कुमार सिन्हा, रंजित कुमार और सहजानंद सरस्वती ने विचार रखे. बैठक में संगठनात्मक एकता, कोष, आपसी समन्वय और पत्रकारों के भविष्य को लेकर सामूहिक प्रयास जारी रखने पर सहमति बनी.

