जबलपुर. एमपी के जबलपुर में हनुमानताल स्थित बाबाटोला क्षेत्र में आज उस वक्त चीख पुकार मच गई, जब क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब के अड्डे पर आज दोपहर दो बजे के लगभग दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. जिसमें सूरज चौधरी व भूरा चौधरी पर धारदार हथियारों से हमला किया गया. हमले में सूरज की मौत हो गई. वहीं भूरा चौधरी के शरीर पर गंभीर चोटें आई है. जिसे उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया है.घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे, जिन्होने पूछताछ के बाद आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है.
क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि लम्बे समय से हनुमानताल के बाबा टोला क्षेत्र में लम्बे समय से अवैध रुप से कच्ची शराब बेची जा रही है. दिनभर शराब के अड्डे पर असामाजिक तत्वों का आनाजाना लगा रहता है. आज दोपहर दो बजे के लगभग क्षेत्र के सूरज चौधरी व भूरा चौधरी का शराब के अड्डे पर कुछ लोगों से विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि बदमाशों ने सूरज व भूरा पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, हमले में सूरज की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं भूरा के शरीर पर गंभीर चोटें आई.
सूरज व भूरा पर हमला होते देख क्षेत्रीय लोगों में चीख पुकार व भगदड़ मच गई, देखते ही देखते अफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया. हमले की खबर मिलते ही सूरज व भूरा के परिजन भी पहुंच गए, जिनका रो-रो कर बुरा हाल रहा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सूरज व भूरा चौधरी को तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने भूरा चौधरी की हालत को देखते हुए भरती कर लिया है. घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त रहा.
जिनका कहना था कि लम्बे समय से यहां पर अवैध रुप से शराब का कारोबार किया जा रहा है. जिसका विरोध करने पर वारदात को अंजाम दिया गया है. वहीं घटना को लेकर सूरज व भूरा के परिजनों का कहना था कि हमला किया जा रहा था लेकिन किसी ने मदद नहीं की. जबकि वहां पर कई लोगों की भीड़ लगी रही. महिलाओं ने आरोप लगाया कि यहां पर तारा नामक महिला द्वारा कच्ची शराब बेचने का कारोबार करती रही.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

