सूरत. गुजरात में सूरत के संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में पिछले 9 सितंबर की रात भीषण आग लग गई थी. अब इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आग मार्केट में ही काम करने वाले एक अकाउंटेंट ने लगाई थी. आरोपी की पहचान विनोद पंडित सावले (33 वर्ष) के रूप में हुई है.
सूरत क्राइम ब्रांच की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 10 हजार रुपए के बकाया वेतन को लेकर दो मालिकों से बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था. इसके लिए वह 150 रुपए का पेट्रोल खरीदकर लाया था और दुकान के बाहर रखे कपड़ों के पार्सल में आग लगाकर फरार हो गया था. हालांकि, उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि इससे कई और दुकानदारों का भी करोड़ों का नुकसान हो जाएगा.
दो दुकानों से 30 हजार रुपए का वेतन मिलता था
क्राइम ब्रांच की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपी की पहचान की आरोपी विनोद पंडित सावले (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया. पूछताछ में विनोद ने बताया कि उसने अप्रैल 2026 में श्याम संगिनी मार्केट जे कॉर्प इंडिया और जगदंबा टेक्सटाइल में अकाउंटेंट के रूप में नौकरी शुरू की थी. उसे 30 हजार रुपए का मासिक वेतन मिलता था. उसका कहना है कि मालिक सुमितभाई और हनुमान द्वारकाप्रसाद जवेर उसे सही से काम न आने की बात कहकर बहुत परेशान करते थे. इसी से तंग आकर उसने अगस्त में नौकरी छोड़ दी थी. नौकरी छोडऩे पर उसे 20 हजार रुपए ही दिए गए थे. उसका करीब 10 हजार रुपए वेतन बकाया था. बार-बार मांगने के बावजूद रकम नहीं मिल रही थी. इसी बात से गुस्सा होकर उसने मालिकों को सबक सिखाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया.
150 रुपए का पेट्रोल खरीदकर लाया था
विनोद ने सूरत क्राइम ब्रांच को बताया कि उसने 8 सितंबर की रात करीब 10 बजे 150 रुपए का पेट्रोल प्लास्टिक की बोतल में खरीदा और उसे अपने बैग में रख लिया था. इसके बाद बिल्डिंग की सीढिय़ों पर बैठकर उसने पूरे मार्केट के खाली होने के इंतजार किया. रात करीब साढ़े 12 बजे जब पूरा मार्केट खाली हो गया तो उसने बैग से पेट्रोल की बोतल निकाली और दुकान के बाहर रखे कपड़ों के पार्सलों पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस लगा दी और भाग निकला. आग इतनी तेजी से फैली कि अलग-अलग दुकानों में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर खाक हो गया था. इस घटना में 14 दुकानदारों को 24 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की करवाई शुरू की है.
न्यूज चैनल पर देखा कि उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है
अगले दिन सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर आ की खबर देखने के बाद उसे पता चला कि भारी नुकसान हुआ है. इसके बाद उसे न्यूज चैनलों से यह भी पता चला कि सीसीटीवी फुटेज से उसकी पहचान हो गई है और एफआईआर भी दर्ज हो गई है तो वह डर गया. अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर पत्नी और बच्चे के साथ राजस्थान के खाटूश्याम मंदिर चला गया. वहां से अयोध्या पहुंचा. बीते दिन ही रविवार को वह सूरत लौटा था. मुखबिरों की सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे अरेस्ट कर लिया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


