जबलपुर. एमपी के जबलपुर में मदनमहल एलआईसी के पास स्थित बग्गा होटल के मालिक ने कर्मचारी के नाम पर एसी फायनेंस कराया. इसके बाद जब कर्मचारी ने उसके नाम पर फाइनेंस कराए गए एयर कंडीशनर (एसी) की किश्त मांगी तो कमरे में बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा, इसके बाद मोबाइल व घड़ी छीनकर भगा दिया गया. इस मामले को लेकर पीडि़त कर्मचारी ने लिखित शिकायत देते हुए आरोप लगाए है. मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरु कर दी है.
पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत देते हुए रामपुर निवासी पीडि़त आकाश प्रजापति ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह बग्गा होटल में हाउसकीपिंग का काम करता था. उसके अनुसार, होटल मालिक तरणदीप सिंह बग्गा ने उसके दस्तावेज (डॉक्यूमेंट्स) का उपयोग कर उसके नाम पर एक एसी फाइनेंस कराया था. आकाश ने बताया कि एसी की 16 किस्तों का भुगतान किया जा चुका था.
जबकि लगभग 2,470 रुपये प्रतिमाह की 8 किस्तें शेष बची थीं. जब उसे नौकरी से निकाल दिया गया, तो फाइनेंस कंपनी की ओर से शेष किस्तों के भुगतान के लिए आकाश पर दबाव बनाया जाने लगा. किस्तों के संबंध में बात करने जब आकाश होटल पहुंचा, तो आरोप है कि सोनू बग्गा एवं अन्य सहयोगियों ने उसे होटल के कमरा नंबर 314 में बंद कर दिया और बेरहमी से मारपीट की. इसके बाद उससे उसका मोबाइल फोन और हाथ की घड़ी छीन ली गई और वहां से भगा दिया गया.
अन्य कर्मचारियों के साथ भी धोखाधड़ी का आरोप-
आकाश प्रजापति ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि होटल मालिक द्वारा अन्य कर्मचारियों के साथ भी इस तरह का तरीका अपनाया गया है. उसने दावा किया कि होटल में कार्यरत गोलू और दीपक नाम के कर्मचारियों के नाम पर भी एसी फाइनेंस कराए जाने और बाद में विवाद होने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने जांच गढ़ा थाना पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए हैं.
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ता आकाश प्रजापति आए थे, जो बग्गा होटल में काम करते थे. उनका कहना है कि होटल मालिक तरणदीप सिंह बग्गा ने उनके नाम से एसी फाइनेंस कराया था. नौकरी से निकालने के बाद शेष किस्तों के लिए नोटिस आने पर जब वे बात करने गए, तो उन्हें कमरे में बंद करके पीटा गया. हम यह शिकायत टीआई गढ़ा को भेज रहे हैं. पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी और संबंधित लोगों के बयान दर्ज करेगी.

