सानो. टी-20 वर्ल्ड चैंपियन भारतीय क्रिकेट टीम मंगलवार को 41वीं रैंकिंग वाली जापान की टीम के खिलाफ हारते-हारते बची. दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस विशेष मैच में भारत ने बेहद करीबी मुकाबले में जापान को मात्र 2 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम आईसीसी टी-20 रैंकिंग में इंग्लैंड को पछाड़कर एक बार फिर शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है.
बारिश के कारण कटकर 5-5 ओवर का हुआ मैच
जापान के सानो इंटरनेशनल ग्राउंड पर लगातार हो रही बारिश के कारण मुकाबला तय समय से ढाई घंटे की देरी से शुरू हुआ, जिसके चलते ओवरों में कटौती कर इसे 5-5 ओवर का कर दिया गया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 4 विकेट के नुकसान पर 32 रन बनाए. कप्तान श्रेयस अय्यर ने सबसे अधिक 16 रनों का योगदान दिया, जबकि अभिषेक शर्मा शून्य, संजू सैमसन 9 और ईशान किशन 3 रन बनाकर आउट हुए.
अक्षर पटेल की शानदार गेंदबाजी ने दिलाई जीत
33 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जापानी टीम ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर मुकाबला किया. अंतिम ओवर में जापान को जीत के लिए 8 रनों की दरकार थी, लेकिन स्पिनर अक्षर पटेल ने सटीक गेंदबाजी करते हुए केवल 5 रन दिए. जापानी टीम 5 ओवर में 3 विकेट खोकर 30 रन ही बना सकी.
अंतरराष्ट्रीय T20 में भारत की 200वीं जीत
यह भारतीय क्रिकेट इतिहास का पहला 5-5 ओवर का अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था. इस रोमांचक जीत के साथ ही भारत टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में (सुपर ओवर की जीत मिलाकर) 200 मुकाबले जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है.
प्लेइंग-11
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, यश ठाकुर, रवि बिश्नोई और अर्शदीप सिंह.
जापान: लचलान यामामोटो-लेक, रियो सकुरानो-थॉमस, केंडेल काडोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), बेंजामिन इटो-डेविस, वातरू मियाउची (विकेटकीपर), एलेक्स शिराई-पैटमोर (विकेटकीपर), चार्ली हारा-हिंज, इब्राहिम ताकाहाशी, डेक्लान सुजुकी-मैककॉम्ब, मकोतो तानियामा और शोमा सुगाया-स्लेटर.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

