संगरूर. पंजाब के संगरूर से एक बेहद दहला देने वाली और दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. शुरू में जिसे आम फूड पॉइजनिंग या संदिग्ध मौत माना जा रहा था, वह असल में एक सोची-समझी साजिश निकली. एक मां ने अपने ही तीन मासूम बच्चों को मौत के घाट उतार दिया. इस खौफनाक वारदात ने हर किसी को हैरान कर दिया है कि भला कोई मां इतनी बेरहम कैसे हो सकती है.
रक्षाबंधन पर खाई थी बाजार की मिठाई
मृत बच्चों की पहचान छह वर्षीय जसनूर कौर, पांच वर्षीय अरमानदीप सिंह और ढाई वर्षीय रिहानदीप सिंह के रूप में हुई है. रक्षाबंधन के दिन बच्चों ने बाजार से लाई गई मिठाई खाई थी. इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई. शुरुआत में परिवार की ओर से इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया गया. बच्चों के पिता और ट्रक ड्राइवर कुलविंदर सिंह की शिकायत पर शुरुआती कार्रवाई भी इसी आधार पर हुई थी.
जांच में बदला पूरा मामला
पुलिस को जांच के दौरान कुछ बातें संदिग्ध लगीं. जिस दुकान से मिठाई खरीदी गई थी, वहां से मिठाई खाने वाले दूसरे लोगों के बीमार होने की सूचना नहीं मिली. इसके बाद बच्चों के मामले में फूड कंटैमिनेशन की आशंका पर सवाल उठे. पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चों को दी गई मिठाई में खरपतवारनाशक मिलाया गया था. इसी आधार पर पुलिस ने मामले को हत्या और आपराधिक साजिश के रूप में आगे बढ़ाया. मिठाई और दूसरे साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है.
प्रेम संबंध के चलते बच्चों की हत्या
संगरूर के एसएसपी रवजोत कौर ग्रेवाल के मुताबिक, जांच में लवप्रीत कौर के हरजीत सिंह के साथ कथित संबंध होने की बात सामने आई. पुलिस को शक है कि दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और बाद में बच्चों को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई. पुलिस ने लवप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है. हरजीत सिंह को मामले में आरोपी बनाया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस अब डिजिटल सबूतों और फोरेंसिक रिपोर्ट के जरिए पूरे घटनाक्रम की कडिय़ां जोड़ रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

