उफनती नदी में बही कार, कान्हा जा रहे 5 दोस्त बहे, पुलिस की चेतावनी रात में चला रेस्क्यू, सभी सुरक्षित निकाले

 उफनती नदी में बही कार, कान्हा जा रहे 5 दोस्त बहे, पुलिस की चेतावनी रात में चला रेस्क्यू, सभी सुरक्षित निकाले

प्रेषित समय :14:04:59 PM / Sat, Sep 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. मध्यप्रदेश के कान्हा किसली घूमने निकले रायपुर और भिलाई के पांच दोस्तों की कार शनिवार देर रात खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के दनिया पुल पर उफनती नदी में बह गई. पुल पर तैनात पुलिस जवानों की चेतावनी के बाद भी कार ड्राइवर ने स्टॉपर तोड़कर बाढ़ के पानी में गाड़ी घुसा दी. तेज बहाव में कार सड़क से बहकर नदी के बीच पहुंच गई.

कार में सवार पांचों लोग किसी तरह पेड़ का सहारा लेकर फंसे रहे और 112 पर फोन कर मदद मांगी. सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिव शंकर गेदले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भारी बारिश और अंधेरे के बीच रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला.

पुलिस की चेतावनी को किया नजरअंदाज

पुलिस के मुताबिक 25 सितंबर को लगातार बारिश के कारण ्यष्टत्र जिले के नदी-नाले उफान पर हैं. बाढ़ की आशंका को देखते हुए दनिया पुल पर पुलिस बल तैनात किया गया था. 26 सितंबर की रात करीब 2.30 बजे रायपुर की तरफ से स्विफ्ट डिजायर कार नंबर सीजी 04 पीवी 5636 पुल पर पहुंची. पुलिस जवानों ने कार ड्राइवर को आगे नहीं जाने की चेतावनी दी. इसके बाद भी ड्राइवर ने गाड़ी आगे बढ़ाई और पुल पर लगे स्टॉपर को टक्कर मार दी. कार जैसे ही पुल के बाढ़ वाले हिस्से में पहुंची, तेज बहाव ने उसे चपेट में ले लिया. कुछ ही देर में कार बहकर नदी के बीच में जा फंसी.

अंधेरे और तेज बहाव के बीच रात में रेस्क्यू

कार के पानी में फंसते ही पांचों लोग घबरा गए. उन्होंने 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी. ड्यूटी पर तैनात जवानों ने तुरंत सीनियर अफसरों को सूचना दी. गंडई थाना प्रभारी शिव शंकर गेदले के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. तेज बारिश और अंधेरे में पुलिसकर्मियों ने जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू शुरू किया और एक-एक कर पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. रेस्क्यू के बाद सभी को कम्युनिटी हेल्थ सेंटर, गंडई ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. सभी की हालत सुरक्षित बताई गई है.

कान्हा किसली घूमने जा रहे थे पांचों दोस्त

पुलिस पूछताछ में पता चला कि सभी पांचों कान्हा किसली घूमने जा रहे थे. कार कुबेर साहू चला रहे थे. बचाए गए लोगों में कमलेश साहू 25 साल, कुबेर साहू 25 साल और निहाल सक्सेना 21 साल, तीनों गुढिय़ारी, रायपुर के रहने वाले हैं. वहीं महक कौर 21 साल कैंप-2, पावर हाउस भिलाई और प्रीति रात्रे 20 साल कैंप-1, रामनगर भिलाई की रहने वाली हैं. पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-