जबलपुर के प्रेमसागर क्षेत्र में युवक की हत्या का आरोपी राजा सोनकर गिरफ्तार, गोली मारकर की थी वारदात

जबलपुर के प्रेमसागर क्षेत्र में युवक की हत्या का आरोपी राजा सोनकर गिरफ्तार, गोली मारकर की थी वारदात

प्रेषित समय :18:38:44 PM / Sun, Sep 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में हनुमानताल क्षेत्र स्थित भोला नगर प्रेमसागर क्षेत्र में करण उर्फ अभिज्ञान इवराडे की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी राजा सोनकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गोलीकांड में करण का एक और साथी अंकित रैकवार भी घायल हुआ था.

पुलिस के अनुसार राजा सोनकर के भोलानगर स्थित मकान के ऊपरी हॉल में राजा, करन, अंकित और कुछ अन्य लोग मौजूद थे. इसी दौरान राजा ने खरगौन से ऑटोमेटिक पिस्टल आने की बात कही. इसके बाद वहां मौजूद लोगों में हथियार देखने की बात हुई. बताया गया कि राजा ने पलंग के बॉक्स से पिस्टल निकाली. पुलिस जांच में सामने आया है कि हथियार की मैगजीन लंबी थी. इसके बाद हथियार को दिखाने के दौरान ही घटनाक्रम अचानक बदल गया और फायरिंग हो गई. पुलिस के मुताबिक फायरिंग में करन के बाएं कंधे में दो और दाहिने पैर में एक गोली लगी. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

वहीं अंकित रैकवार भी गोली लगने से घायल हुआ, जिसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. एक ही घटना में एक युवक की मौत और दूसरे के घायल होने के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया है. अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि गोली किस परिस्थिति में चली और उस समय हथियार किसके नियंत्रण में था. मामले की जांच का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू पिस्टल का स्रोत है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार राजा सोनकर तक कैसे पहुंचा.

प्रारंभिक जानकारी में पिस्टल के खरगौन से आने की बात सामने आई है. अब पुलिस इस कड़ी को जोडऩे का प्रयास कर रही है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार किस व्यक्ति के माध्यम से जबलपुर पहुंचा, उसे कब लाया गया और इतने समय तक कहां रखा गया था. पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है कि हथियार के बारे में घर में मौजूद अन्य लोगों को पहले से कितनी जानकारी थी. पुलिस अब आरोपी राजा सोनकर से पूछताछ कर रही है.

पुलिस खंगाल रही घटना से पहले और बाद की कडिय़ां-

घटना के समय मकान में मौजूद लोगों से पूछताछ कर पुलिस घटनाक्रम की कडिय़ां जोड़ रही है. किसने पिस्टल निकाली, किसने उसे हाथ में लिया, हथियार किस दिशा में था और फायरिंग किस परिस्थिति में हुई-इन सभी बिंदुओं को जांच में शामिल किया गया है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना से पहले वहां मौजूद लोगों के बीच किसी तरह का विवाद हुआ था या नहीं. हालांकि प्रारंभिक जांच में पिस्टल दिखाने के दौरान अचानक फायरिंग होने की बात सामने आई है, लेकिन अंतिम स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. फिलहाल राजा सोनकर पुलिस की अभिरक्षा में है और उससे पूछताछ जारी है. 
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-