जबलपुर। पिछले कुछ समय से कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग, एसआईआर और मतदाता सूची को लेकर लगातार गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। इन आरोपों के माध्यम से देश की लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनता के मन में भ्रम और अविश्वास पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन अब चुनाव आयोग ने स्वयं इस पूरे मामले पर स्पष्ट स्थिति सामने रख दी है, यह बात महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने सांसद श्री आशीष दुबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अखिलेश जैन, जिला अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष श्री राजकुमार पटेल, विधायक श्री अशोक रोहाणी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी श्रीकान्त साहू, प्रदेश प्रवक्ता डॉ वाणी अहलुवलिया की उपस्थिति में आयोजित पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए संभागीय भाजपा कार्यालय रानीताल में कही।
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा 26 सितंबर को चुनाव आयोग की बैठक हुई और तीनों चुनाव आयुक्तों की ओर से संयुक्त रूप से स्पष्ट किया गया कि देशभर में चल रही एसआईआरकिसी एक व्यक्ति का निर्णय नहीं है। यह मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों द्वारा सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय है। ऐसे में सवाल यह है कि जब देश की संवैधानिक संस्था ने स्वयं पूरी स्थिति स्पष्ट कर दी है, तो राहुल गांधी और कांग्रेस अब भी किस आधार पर इस मुद्दे को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं?
मीडिया रिपोर्ट के आधार पर राजनीति क्यों-
महापौर श्री सिंह ने कहा राहुल गांधी ने जिस मीडिया रिपोर्ट के आधार पर चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर सवाल खड़े किए, चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण के बाद उस रिपोर्ट की तथ्यात्मकता पर ही सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा राजनीतिक दलों से अपेक्षा होती है कि वे किसी संवैधानिक संस्था पर गंभीर आरोप लगाने से पहले तथ्यों की पूरी जांच करें। सिर्फ किसी मीडिया रिपोर्ट के आधार पर आरोप लगाना और फिर उसे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ एक बड़े मुद्दे के रूप में प्रस्तुत करना क्या उचित है?
संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल क्यों-
महापौर ने कहा यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा किसी संवैधानिक संस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हों। 2024 में ईवीएम को 'ब्लैक बॉक्स' बताकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाया। 2019 में 'चौकीदार चोर है' बयान पर सुप्रीम कोर्ट से बिना शर्त माफी मांगनी पड़ी थी। 2016-2022 में कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी ने सेना का अपमान करते हुए सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांग कर, खून की दलाली कहना और तवांग झड़प पर सेना का मनोबल गिराने का कृत्य किया गया।
सांसद बोले, जनता में भ्रम पैदा करना उचित नही है-
पत्रकार वार्ता में सांसद श्री आशीष दुबे ने कहा चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर बिना पर्याप्त तथ्यों के आरोप लगाकर जनता के मन में भ्रम पैदा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। आज चुनाव आयोग ने अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया है।
भाजपा नगर अध्यक्ष ने कहा-
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर ने कहा राहुल गांधी चुनाव जनता के बीच सेवा करने और जनमत से जीते जाते हैं, देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता के मन में अविश्वास पैदा करके नहीं। अब समय है कि कांग्रेस और राहुल गांधी भी देश के सामने यह स्पष्ट करें कि वे चुनाव आयोग के सर्वसम्मत निर्णय, न्यायपालिका के निर्णय और देश की संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास करते हैं या नहीं करते है। पत्रकार वार्ता में महामंत्री रंजीत पटेल, जिला मीडिया प्रभारी रवि शर्मा, सह प्रभारी चित्रकान्त शर्मा, नरेश चौधरी उपस्थित थे।
जबलपुर में भाजपा नेता बोले, राहुल गांधी भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास न करें,
प्रेषित समय :20:00:43 PM / Mon, Sep 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर



