जबलपुर में क्रेटा कार में चाइना चाकू के साथ घूम रहा संदिग्ध युवक गिरफ्तार,

जबलपुर में क्रेटा कार में चाइना चाकू के साथ घूम रहा संदिग्ध युवक गिरफ्तार,

प्रेषित समय :18:00:16 PM / Mon, Sep 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में संजीवनी नगर थाना पुलिस ने 90 क्वाटर रेलवे ट्रेक के पास संदिग्ध हालत में खड़ी एक बिना नंबर की क्रेटा कार से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से चाइना चाकू बरामद किया गया है। पुलिस का अंदेशा है कि आरोपी किसी गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था।
                          संजीवनी नगर थाना पुलिस को गश्त के दौरान 90 क्वाटर रेलवे ट्रैक के पास, गैस वितरण मैदान के सामने रोड पर एक संदिग्ध बिना नंबर की क्रेटा कार खड़ी दिखाई दी। इस कार के शीशों पर काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) भी चढ़ी हुई थी। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत गाड़ी को घेर लिया और कार में सवार युवक को नीचे उतारकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के गियर बॉक्स के अंदर छिपाकर रखा गया एक चाइना चाकू बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को लगातार गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन सख्ती बरतने पर वह ज्यादा देर टिक नहीं सका। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी की पहचान रिदम राय (उम्र 18 वर्ष), निवासी शांति नगर, नंदन बिहार कॉलोनी, गोहलपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानून की विभिन्न धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की है। संजीवनी नगर पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि वह इस तरह घातक हथियार लेकर किस आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसके साथ इस साजिश में कोई अन्य साथी तो शामिल नहीं था या इस वाहन का उपयोग पहले किसी अन्य अपराध में तो नहीं किया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता और बढ़ गई है।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-