जबलपुर। एमपी के जबलपुर में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची हुई है। शहर के त्रिमूर्ति नगर, कृष्णा कॉलोनी और दमोहनाका जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पिछले 8 दिनों से जलापूर्ति पूरी तरह ठप है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए मोहताज हैं।
इस भीषण जल संकट से आक्रोशित क्षेत्रीय रहवासियों और युवक कांग्रेस ने पार्षद दल के साथ मिलकर नगर निगम में जोरदार प्रदर्शन किया और अनोखे अंदाज में महापौर को सांकेतिक रूप से नल की टोटी भेंट कर गहरी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले एक हफ्ते से अधिक समय से नलों में पानी की जगह केवल हवा आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि न तो नगर निगम की ओर से टैंकर भेजे जा रहे हैं और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी उनकी सुध ले रहा है। भीषण गर्मी और जल संकट के बीच जनता त्रस्त है, लेकिन प्रशासन सिर्फ कागजी दावे करने में व्यस्त है।
रमनगरा प्लांट में गड़बड़ी और टैंकरों की भारी कमी-
कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि रमनगरा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से होने वाली सप्लाई पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने पोल खोलते हुए बताया कि जबलपुर जैसे बड़े शहर के नगर निगम के पास महज ३२ पानी के टैंकर हैं, जबकि भोपाल और इंदौर जैसे शहरों में सैकड़ों टैंकरों के जरिए जलापूर्ति की जाती है। संसाधनों की यह कमी निगम के कुप्रबंधन को उजागर करती है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी-
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए युवक कांग्रेस और स्थानीय नागरिकों ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि जल्द ही जलापूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो वे जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरेंगे और एक बड़ा उग्र आंदोलन करेंगे। अब देखना यह होगा कि इस तीखे विरोध के बाद नगर निगम प्रशासन गहरी नींद से कब जागता है और जनता को राहत मिलती है।
त्रिमूर्ति नगर में हाहाकार: 8 दिन से पानी की एक बूंद को तरसे लोग, कांग्रेस ने महापौर को भेंट की नल की टोटी
प्रेषित समय :19:40:17 PM / Mon, Sep 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर



