रियाद. दुबई से तेल अवीव जा रही एक फ्लाइट को हाईजैक कर क्रैश कराने की कोशिश हुई है. को-पायलट ने साथी पायलट पर चाकू से हमला किया और विमान का कंट्रोल अपने हाथ में लेने की कोशिश की. दूसरे पायलट और कुछ यात्रियों ने हाथापाई कर उसे रोक लिया.
टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक फ्लाई दुबई की फ्लाइट में यह घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुई. इस वजह से 1 मिनट के अंदर विमान करीब 17 हजार फीट नीचे आ गया. इसके बाद विमान से हाईजैक का अलर्ट भेजा गया. इजराइल ने तुरंत फाइटर जेट्स रवाना किए. उनकी निगरानी में फ्लाइट का रास्ता बदला गया और उसे सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. फ्लाइट में करीब 180 यात्री सवार थे, जिनमें लगभग 150 इजराइली नागरिक थे.
जानिए विमान में क्या-क्या हुआ
पहले इमरजेंसी, फिर हाईजैक का अलर्ट
विमान ने पहले 7700 कोड भेजा. इसका मतलब होता है कि विमान में कोई इमरजेंसी है. कुछ ही सेकंड बाद विमान ने 7500 कोड भेजा. यह कोड विमान में हाईजैक का है. फ्लाइट रडार मुताबिक, विमान सिर्फ दो मिनट में 34 हजार फीट से घटकर 16,600 फीट की ऊंचाई पर आ गया. इसके बाद विमान ने अपना रास्ता बदला और सऊदी अरब के ताबुक की ओर चला गया.
कॉकपिट में पायलटों के बीच झगड़ा हुआ
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान के कॉकपिट में पायलट और को-पायलट के बीच झगड़ा हुआ था. इसी दौरान विमान से इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए. हालांकि, दोनों के बीच झगड़ा किस बात पर शुरू हुआ था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
यात्रियों ने कॉकपिट में घुसकर हमलावर को रोका
इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स में चश्मदीदों के हवाले से दावा किया गया कि झगड़ा तब शुरू हुआ, जब एक पायलट ने विमान को जमीन की तरफ मोड़कर क्रैश करने की कोशिश की. जब विमान नीचे गिरने लगा तो आगे बैठे कुछ इजराइली यात्री कॉकपिट की तरफ दौड़े. उन्होंने हमलावर पायलट से लड़कर उसे कॉकपिट से बाहर निकाला. यात्री के मुताबिक, विमान में सादे कपड़ों में दो और पायलट भी मौजूद थे. उनमें से एक पायलट ने विमान का कंट्रोल संभाला.
घायल पायलट की जान बचाने की कोशिश
मिरियम नाम की एक यात्री ने बताया कि उसने कॉकपिट से चीखने की आवाजें सुनी थीं. दरवाजा खुलने पर उसने एक पायलट को घायल हालत में देखा. उसके हाथ में फोल्डिंग चाकू था और हर तरफ खून बिखरा हुआ था. एक यात्री के मुताबिक, चाकू से घायल पायलट की हालत गंभीर थी. विमान में मौजूद एक इजराइली डेंटिस्ट ने उसका इलाज किया और उसकी जान बचाने में मदद की.
इजराइल ने फाइटर जेट भेजे, ताबुक में हुई लैंडिंग
हाईजैक का अलर्ट मिलने के बाद इजराइली एयरफोर्स ने फाइटर जेट भेजे और देश का सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की. इसके बाद फ्लाइट का रास्ता बदलकर सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराई गई. इजराइल ने कुछ समय के लिए अपना एयरस्पेस भी बंद कर दिया था.
मामले की जांच शुरू, आतंकी हमले का दावा भी
जेरूशलम पोस्ट के मुताबिक, इजराइल की सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को संभावित आतंकी हमले के एंगल से भी देख रही हैं. इस घटना की जांच में शिन बेट, मोसाद, इजराइली सेना और परिवहन मंत्रालय समेत कई एजेंसियां शामिल हैं.
कैप्टन और को-पायलट दोनों घायल, अस्पताल में भर्ती
सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट ने बताया कि फ्लाई दुबई की फ्लाइट के कैप्टन और को-पायलट दोनों घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दो इजराइली अधिकारियों के मुताबिक, फ्लाइट का को-पायलट ओमानी नागरिक था और वही घटना में हमलावर था. अभी यह साफ नहीं है कि उसे इजराइल जाने वाली फ्लाइट उड़ाने की मंजूरी कैसे मिली. जांच का एक बड़ा सवाल यह है कि फ्लाइट के क्रू में ओमान का पायलट कैसे शामिल हुआ, जबकि ओमान और इजराइल के बीच राजनयिक संबंध नहीं हैं.

