जबलपुर. संजीवनी नगर थानान्तर्गत धनवंतरीनगर इलाके में शराब के लिए दिए गए महज 500 रुपयों का विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. मामूली सी बात पर शुरू हुई कहासुनी ने ऐसा विकराल रूप लिया कि एक पक्ष ने सरेआम चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, तो वहीं दूसरे पक्ष ने भी डंडों से लैस होकर जमकर तांडव मचाया. इस सनसनीखेज घटना के बाद से इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लाल बाबा बस्ती और धनवंतरीनगर इलाके में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. घायलों को इलाज के लिए आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. घायल आकाश बाल्मीक उम्र 23 वर्ष ने पुलिस को बताया कि उसके छोटे भाई दशरथ बाल्मीक ने नारायण उर्फ अंचल बाल्मीक को शराब पीने के लिए 500 रुपये दिए थे. जब पैसे वापस मांगे गए, तो विवाद शुरू हो गया. रात करीब 9 बजे जब आकाश लाल बाबा बस्ती में खड़ा था, तभी नारायण उर्फ अंचल वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा. विरोध करने पर राजेंद्र बाल्मीक ने उसे थप्पड़ जड़ दिया, और अंचल ने जानलेवा हमला करते हुए चाकू से उसके हाथ और कांख पर गंभीर वार कर दिए.
आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए. वहीं घायल राजेंद्र बाल्मीक 21 वर्ष वर्ष ने पुलिस को बताया कि वह अपने बड़े भाई अंचल बाल्मीक के साथ अंतू की किराना दुकान पर राजश्री खाने गया था. तभी वहां गौरव बाल्मीक, सौरभ बाल्मीक और आकाश बाल्मीक हाथों में डंडे लेकर आ धमके. उन्होंने गालियों की बौछार करते हुए डंडों से ताबड़तोड़ मारपीट की, जिससे दोनों भाइयों के हाथ, पैर और पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आईं. हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले. पुलिस ने पहले पक्ष की शिकायत पर: धारा 118(1), 119(1), 296(बी), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है. दूसरे पक्ष की शिकायत पर: धारा 115(2), 296(बी), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.

