जबलपुर. एमपी के जबलपुर में ओमती चौक क्षेत्र में उस वक्त चीख पुकार मच गई, जब मोटर साइकलों से आए बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते छात्र पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में छात्र राम रैकवार के शरीर पर गंभीर चोटें आई है. जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल विक्टोरिया पहुंचाया गया. जहां पर छात्र की हालत को देखते हुए भरती कर लिया गया है.
बताया गया है कि बीती राम रैकवार निवासी घमापुर दिन में कपड़े की दुकान पर काम कर रात को 10वीं की प्राइवेट पढ़ाई करता है. राम बीती रात 11.30 बजे के लगभग बड़ी ओमती चौक के पास एक पान की दुकान पर अपने साथी प्रिंस पटेल के साथ शांति से खड़ा था. इस बीच सूर्या मलिक अपने साथी श्रेयांश त्रिपाठी, दुर्गेश और आयुष के साथ अलग-अलग बाइकों पर वहां आ धमका. आरोपियों की आंखें खून से लाल थीं और इरादे पूरी तरह नेस्तनाबूत करने के थे.
देखते ही देखते उन्होंने राम और प्रिंस को घेर लिया और गंदी-गंदी गालियों की बौछार कर दी. जब राम ने इस गुंडागर्दी का विरोध किया, तो दरिदों ने आव देखा न ताव, राम को बुरी तरह दबोच लिया. मुख्य आरोपी सूर्या मलिक ने अपनी जेब से खंजर निकाला और जान से मारने की नीयत से राम के पेट, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए. सड़क खून से सन गई और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई. राम दर्द से तड़पते हुए जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन उन वहशी दरिंदों के दिल में जरा भी दया नहीं आई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुलेआम जान से मारने की धमकियां देते हुए और हवा में दहशत फैलाते हुए मौके से फरार हो गए.

