जबलपुर में कृषि उपज मंडी मंदिर में रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया पटवारी मनोज बघेल

जबलपुर में कृषि उपज मंडी मंदिर में रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया पटवारी मनोज बघेल

प्रेषित समय :19:29:18 PM / Thu, Oct 1st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. जबलपुर में कृषि उपज मंडी परिसर में स्थित मंदिर में आज दो हजार रुपए की रिश्वत ले रहे पटवारी मनोज बघेल को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने रंगे हाथ पकड़ा है. पटवारी मनोज दुकान के नामांतरण करने के लिए पांच हजार रुपए मांग रहा था, जिसे दो हजार रुपए लेते वक्त दबोचा गया है.

इस संबंध में लोकायुक्त डीएसपी मंजीत सिंह ने बताया कि शरद विश्वकर्मा निवासी कटंगी जिला जबलपुर की मां राधा विश्वकर्मा द्वारा ग्रीन सिटी माढ़ोताल में एक दुकान खरीदी गई थी, जिसके नामांतरण के लिए पटवारी मनोज बघेल द्वारा पांच हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी. बात दो हजार रुपए में तय हुई. इसके बाद शरद विश्वकर्मा द्वारा आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर को एक शिकायती आवेदन प्रस्तुत किया गया. आज पटवारी मनोज बघेल ने शरद विश्वकर्मा को कृषि उपज मंडी परिसर स्थित मंदिर में बुलाया.

शरद ने पहुंचकर पटवारी को दो हजार रुपए की रिश्वत दी, तभी ईओडब्ल्यू की टीम के अधिकारियों ने दबिश देकर पटवारी मनोज को रंगे हाथ पकड़ लिया. पटवारी मनोज बघेल के पकडऩे जाने के बाद यहां पर हड़कम्प मच गया था. ईओडब्ल्यू ने आरोपी मनोज बघेल पटवारी तहसील कार्यालय आधारताल, जबलपुर  के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम संशोधित 2018 की धारा 7 (ए) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है. 
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-