जबलपुर. ओमती थाना क्षेत्र अंतर्गत घंटाघर स्थित रसोई बार के सामने शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे अचानक उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एमटी डेयरी और उससे लगी ब्रांड जंक्शन शॉप व एमटी डेयरी शाप में भीषण आग भड़क उठी. आग की लपटों ने देखते ही देखते दोनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 4 गाडिय़ां तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के लिए मोर्चा संभाला.
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोका जा सका. घटना के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल बन गया. फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और प्रारंभिक तौर पर कारण अज्ञात बताया जा रहा है. सूचना पर पहुंची ओमती थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी है. अब पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं, वहीं इस अग्निकांड में दुकानों को लगभग 12 लाख के नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

