जबलपुर. सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में संस्कारधानी जबलपुर में एक नया अध्याय जुड़ गया है. शहर के नागरिकों को जाम और प्रदूषण से राहत दिलाने के साथ ही बेहतर कनेक्टिविटी देने के उद्देश्य से 45 पीएम ई-बस और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना की 55 बसों समेत कुल 100 नई बसों का गुरुवार को भव्य शुभारंभ किया गया.
अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आइएसबीटी) में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, सांसद आशीष दुबे, विधायकगण अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी, डा अभिलाष पांडे, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर इन बसों को रवाना किया.
आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं बसें
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि नई ई-बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. बसों में जीपीएस ट्रैकिंग, सीसीटीवी कैमरे, पैसेंजर अनाउंसमेंट सिस्टम, रूट डिस्प्ले, व्हीलचेयर लिफ्ट और पैनिक बटन लगाए गए हैं. आग से सुरक्षा के लिए फायर डिटेक्शन एवं अलार्म सिस्टम तथा बेहतर यात्रा के लिए एयर सस्पेंशन सिस्टम भी दिया गया है. बसों में 25 सीटें हैं और चढऩे-उतरने के लिए दो स्वचालित दरवाजे हैं. कॉम्पैक्ट आकार के कारण इन्हें शहर के अपेक्षाकृत संकरे मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संचालित करना आसान होगा.
सात प्रमुख रूटों पर चलेगी ई-बस
पीएम ई-बस सेवा के तहत शहर के सात प्रमुख मार्गों पर बसों का संचालन शुरू किया गया है. जो मदर टेरेसा नगर से रांझी घाना (वाया घमापुर), आइएसबीटी से तिलवारा घाट, आइएसबीटी से गौरीघाट, रेलवे स्टेशन से पनागर, आइएसबीटी से बरेला (वाया तीन पत्ती), रेलवे स्टेशन से भेड़ाघाट वाया अंधमूक बायपास और आइएसबीटी से डुमना एयरपोर्ट (वाया रेलवे स्टेशन) शामिल हैं.
छिंदवाड़ा, बालाघाट और सागर के लिए भी बसें
सांसद आशीष दुबे ने बताया कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत शहर को पड़ोसी जिलों और प्रमुख कस्बों से जोडऩे के लिए नई बसों की शुरुआत की गई है. इंटर सिटी मार्ग जबलपुर से छिंदवाड़ा छह बसें, जबलपुर से बालाघाट दो बसें तथा जबलपुर से सागर दो बसें, अंतरशहरी मार्ग जबलपुर से कटंगी दो बसें, जबलपुर से मझौली दो बसें एवं जबलपुर से सिहोरा दो बसें संचालित होंगी.
जल्द जुड़ेंगी 69 और ई-बसें
कार्यक्रम में बताया गया कि निकट भविष्य में जबलपुर को 69 और पीएम ई-बसें मिलने की योजना है. इनके शामिल होने के बाद शहर और उपनगरीय क्षेत्रों में करीब 150 बसों का नेटवर्क संचालित होगा. इससे प्रमुख मार्गों पर सार्वजनिक परिवहन की उपलब्धता बढ़ेगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


