जबलपुर. सिहोरा में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार दोपहर मोहासम गांव के पास कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो बुजुर्गों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक दोनों एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. मृतकों की पहचान ग्राम खुडावल निवासी करण सिंह लोधी (77) और उमाशंकर लोधी (55) के रूप में हुई है.
सिहोरा पुलिस ने बताया कि शुक्रवार दोपहर दोनों बाइक से खुडावल से दिनारी खम्हरिया के लिसारी गांव में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. जैसे ही उनकी बाइक मोहासम के पास पहुंची. तभी जबलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार क्रमांक यूपी 16 डी जेड 1243 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे करण सिंह लोधी उछलकर कार के बोनट पर जा गिरे. उनके सिर, हाथ.पैर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, बाइक पर पीछे बैठे उमाशंकर लोधी के सिर में गंभीर चोट आई.
मौके पर पहुंचे लोगों ने निजी एंबुलेंस की मदद से उन्हें सिहोरा सिविल अस्पताल पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया. परिजन उन्हें लेकर जबलपुर जा रहे थे, लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही बीच रास्ते में उन्होंने भी दम तोड़ दिया. पुलिस ने कार और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है. हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटवाकर सुचारु कटाया. पुलिस कार चालक की तलाश और घटना के कारणों की जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

