जबलपुर में डॉक्टर से अपाइंटमेंट के नाम पर एपीके फाइल डाउनलोड कराकर लाखों रुपए की ठगी, दो और लोग हुए साइबर ठगी का शिकार

जबलपुर में डॉक्टर से अपाइंटमेंट के नाम पर एपीके फाइल डाउनलोड कराकर लाखों रुपए की ठगी, दो और लोग हुए साइबर ठगी का शिकार

प्रेषित समय :14:48:50 PM / Sun, Oct 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में साइबर ठगी के तीन मामले सामने आए हैं. हनुमानताल में स्वतंत्र जैन ने बीती शाम रिपोर्ट दर्ज कराई. वहीं, रांझी और गोरखपुर में भी सितंबर में हुई ठगी की शिकायतें सामने आई हैं. तीनों मामलों में डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के नाम पर 2.75 लाख, रिश्तेदार बनकर 50 हजार और फेसबुक स्टोरी पढऩे के दौरान 60 हजार रुपए ठगे गए. कुल 3.85 लाख रुपए की ठगी हुई.

डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने गूगल पर नंबर खोजा-

हनुमानताल थाना क्षेत्र में स्वतंत्र जैन उम्र 50 वर्ष ने अपनी मां के इलाज के लिए डॉक्टर उदय सुमन शेखर का अपॉइंटमेंट लेने गूगल पर नंबर सर्च किया था. कॉल करने वाले ने खुद को रिसेप्शनिस्ट बताया और 5 रुपए भेजने के लिए कहा. इसके बाद ठग ने उन्हें एक एपीके फाइल डाउनलोड करने को कहा. फाइल डाउनलोड करते ही 24-25 सितंबर के बीच उनके अकाउंट से 2 लाख 75 हजार रुपए कट गए.

बहनोई बनकर 55 हजार की जरूरत बताई-

रांझी थाना क्षेत्र में सनत कुमार बेनर्जी उम्र 70 वर्ष ने 30 सितंबर को साइबर सेल में शिकायत की. उन्होंने बताया कि उन्हें बहनोई राकेश कुमार सिंह के नाम से वॉट्सऐप मैसेज आया था. मैसेज में 55 हजार रुपए की जरूरत बताई गई थी. सनत कुमार ने मनीष पासवान के नाम वाली आईडी पर गूगल पे से 50 हजार रुपए भेज दिए. बाद में पता चला कि उनके बहनोई का मोबाइल हैक हो गया था. उनके अन्य रिश्तेदारों को भी इसी तरह के मैसेज भेजे गए थे.

फेसबुक स्टोरी पढ़ते समय 60 हजार कटे-

इसी तरह गोरखपुर थाना क्षेत्र में 3 अक्टूबर को नवीन काक 55 वर्ष निवासी क्रिश्चन कॉलोनी, कटंगा गोरखपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई. वे क्राइस्ट चर्च बालक स्कूल, तैयब अली में शिक्षक हैं. नवीन ने बताया कि 15 सितंबर को वे मोबाइल पर फेसबुक की स्टोरी पढ़ रहे थे. स्टोरी उन्हें काफी रुचिकर लगी. आगे पढऩे के लिए उन्होंने क्लिक किया तो पेमेंट का विकल्प आया, जिसे उन्होंने तुरंत हटा दिया. इसके बाद रात करीब 11 बजे उनके इंडियन ओवरसीज बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे. 15 सितंबर से 16 सितंबर के बीच 10 बार ट्रांजेक्शन के जरिए अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैंक खाते से 60 हजार रुपए निकाल लिए.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-