जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित पनागर में दुकानदारों और छोटे व्यवसायियों को डराने-धमकाने का एक मामला सामने आया है. यहां मामूली उधारी के पैसे मांगने पर दबंग युवकों ने हद पार कर दी. आरोपियों ने न सिर्फ पैसे देने से इनकार किया, बल्कि काउंटर पर रखी कैंची उठाकर टपरा संचालक के गले और हाथों पर हमला कर दिया. इस सनसनीखेज वारदात से इलाके के दुकानदारों में भारी रोष और दहशत का माहौल है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पनागर की सिंधी कॉलोनी के रहने वाले 19 वर्षीय शुभम पटेल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका जीजा रानू पटेल ग्राम तिवारीखेड़ा में जायका ढाबा के सामने चाय-पान का टपरा चलाते हैं, जिस पर शुभम ही बैठता है. बीती रात 8 बजे के लगभग रोहित केवट उर्फ जान, निक्की उर्फ निखिल केवट और अंकुश उर्फ बेटू केवट नामक तीन युवक टपरे पर आए.
उन्होंने वहां से दो सिगरेट, 60 रुपये वाली एक राजश्री और नमकीन का पैकेट लिया. कुल मिलाकर सामान के 80 रुपये हो रहे थे. जब शुभम ने उनसे 80 रुपये मांगे, तो वे बिना पैसे दिए जाने लगे. टोकने पर निक्की उर्फ निखिल केवट ने दबंगई दिखाते हुए कहा, हम लोगों को जानते नहीं हो? हम लोग पैसे देते नहीं, पैसे लेते हैं. तुम मुझे 500 रुपये और दो. जब शुभम ने रंगदारी के रूप में 500 रुपये देने से साफ मना किया, तो रोहित केवट उर्फ जान गुस्से में आकर काउंटर पर रखी कैंची उठाने लगा.
शुभम ने जब अपनी कैंची छुड़ानी चाही, तो रोहित ने हाथ से कैंची छीनकर उस पर हमला कर दिया. इस हमले में शुभम के गले के दाहिने हिस्से और दाहिने हाथ की चारों उंगलियों में गंभीर चोटें आईं. हंगामा होते देख ढाबे पर काम करने वाला अभिषेक बाल्मीक शुभम को बचाने दौड़ा, तो झूमाझपटी के दौरान उसे भी गले में चोट लग गई.
इसके बाद आसपास फल की दुकान लगाने वाले ईलू उर्फ महेश बर्मन, नीरज महतो और अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया. जाते-जाते तीनों आरोपी रोहित, निक्की और अंकुशजान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. हालांकि, इस पूरी झड़प और छीनाझपटी के दौरान मुख्य आरोपी रोहित केवट उर्फ जान के बाएं हाथ की उंगली में भी चोट लग गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

