जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित गोरखपुर और घमापुर थाना क्षेत्रों में अज्ञात बदमाशों ने जमकर क ोहराम मचाया है. जिससे दोनों क्षेत्र में दहशत का माहौल है. बदमाशों ने दो घरों पर कुछ ही देर के अंतराल में बम फेंके, जिससे हुए धमाकों से लोग सहम उठे.
पहली घटना, इंद्रा नगर गोरखपुर-
दहशत की यह खौफनाक शुरुआत बीती रात करीब 11.00 बजे इंद्रानगर कमल किराना स्टोर के पास हुई. यहां रहने वाले 21 वर्षीय मैकेनिक ओम साहू अपने घर के अंदर थे, तभी अचानक बाहर एक जोरदार धमाका हुआ. जैसे ही ओम साहू दौड़कर बाहर आंगन में आए, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उनके घर के आंगन में रखी वॉशिंग मशीन और दीवार पर सुअरमार बम फोड़ा गया था. मौके पर बम के जलते हुए अवशेष और सूतली बिखरी पड़ी थी. जब उन्होंने नजर दौड़ाई, तो तीन अज्ञात लड़के अंधेरे का फायदा उठाकर वहाँ से भागते हुए दिखाई दिए. ओम के चिल्लाने पर उनके भाई संजू साहू और मुकेश भी बाहर आ गए, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे. पीडि़त ने देर रात एक बजे थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी.
दूसरी घटना, वंशकार मोहल्ला घमापुर-
अभी गोरखपुर के लोग इस धमाके के सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि 4 अक्टूबर की सुबह-सुबह घमापुर थाना क्षेत्र के वंशकार मोहल्ले में एक और बड़ा धमाका गूंज उठा. सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच, जब लोग गहरी नींद में थे, तभी श्रीमती द्रोपदी वंशकार (उम्र 44 वर्ष) के घर की खिड़की पर किसी अज्ञात शख्स ने सुअरमार बम जोरदार तरीके से पटक दिया. धमाका इतना भयानक था कि पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई. बम के धमाके से चारों तरफ भारी धुआँ फैल गया और खिड़की में लगी लोहे की जाली पूरी तरह टूटकर अंदर आ गिरी. आज सुबह 8.30 बजे द्रोपदी बाई ने थाने पहुंचकर वारदात की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 और 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया.
पुलिस महकमे में हड़कंप, आरोपियों की तलाश तेज-
एक ही रात में शहर के दो अलग-अलग इलाकों में बमबारी होने से पुलिस प्रशासन के भी होश उड़ गए हैं. क्या ये किसी बड़ी रंजिश का हिस्सा है या कोई खतरनाक गैंग शहर का सुकून छीनने की साजिश रच रहा है? पुलिस अब दोनों मामलों के तार आपस में जोड़कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

