जबलपुर. जिले के थाना कुंडम के अंतर्गत चौकी बघराजी क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई खून से लथपथ कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है. आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है.
गले व सीने पर वार कर की थी हत्या
पुलिस के मुताबिक फरियादी सुखसेन सिंह मरावी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका साला जगदीश सिंह मरावी (उम्र 49 वर्ष), निवासी ग्राम कल्याणपुर, पानी की टंकी के पास अपनी मईया में रहता था. 30 सितंबर 2026 की देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच आरोपी परीवा बैगा/सिंह (53 वर्ष) और अग्नेयू/अघनू विश्वकर्मा (54 वर्ष) ने पुरानी रंजिश व विवाद के चलते मईया में घुसकर जगदीश सिंह पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया. आरोपियों ने उसके गले और सीने पर कुल्हाड़ी से कई गंभीर वार किए, जिससे जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई.
आरोपियों को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही बघराजी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक मुनेश लाल कोल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और देहाती नालसी पर धारा 103(1), 3(5) बीएनएस एवं 3(2-1) एससी-एसटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों नामजद आरोपियों- परीवा बैगा और अग्नेयू विश्वकर्मा को धर दबोचा.
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को पकडऩे में एडिशनल एसपी भगत सिंह गोठरिया, टीआई सतीश अंदवान, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक मुनेश लाल कोल, सहायक उप निरीक्षक इंद्र कुमार विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक गणपत सिंह, आरक्षक विजय, आरक्षक महेश एवं आरक्षक विजय सिंह की सराहनीय भूमिका रही.

