जबलपुर रेल मंडल की ट्रेनों, स्टेशनों पर गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई, 2268 यात्रियों परे साढ़े चार लाख का जुर्माना

जबलपुर रेल मंडल की ट्रेनों, स्टेशनों पर गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई, 2268 यात्रियों परे साढ़े चार लाख का जुर्माना

प्रेषित समय :18:33:03 PM / Tue, Oct 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. स्वच्छ भारत मिशन एवं भारतीय रेल की स्वच्छता संबंधी नीति के अनुरूप जबलपुर रेल मंडल द्वारा रेलवे परिसरों, स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के विरुद्ध नियमित जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है.

चालू वित्तीय वर्ष अप्रैल से सितंबर 2026 तक की अवधि में जबलपुर रेल मंडल द्वारा रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्म, रेल परिसरों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के विरुद्ध कुल 2268 मामलों में कार्रवाई की गई. इन कार्रवाइयों के माध्यम से रेलवे को कुल 4,56,800 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ.  जिसमें मात्र सितंबर 2026 माह में ही स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले 171 मामलों में कार्रवाई की गई, जिससे 36,600 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ.

रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित रूप से उद्घोषणाओं, पोस्टरों, डिजिटल डिस्प्ले बोर्डों तथा विभिन्न जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से स्वच्छता संदेश प्रसारित किए जाते हैं. इसके बावजूद रेलवे परिसरों में गंदगी फैलाने अथवा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाती है.

मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालें. स्वच्छ रेल परिसर यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-