15 करोड़ के सस्ते लोन का 'सपना' और 9 लाख का 'डाका': मुंबई का हाई-प्रोफाइल ठग जबलपुर से गिरफ्तार, जेल भेजा गया!

15 करोड़ के सस्ते लोन का

प्रेषित समय :21:30:32 PM / Tue, Oct 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

​जबलपुर (मध्यप्रदेश). कम ब्याज दर पर 15 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बैंक लोन दिलवाने का झांसा देकर लाखों रुपये डकारने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय ठग के खेल का मदनमहल पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. मुंबई से आए इस नटवरलाल ने खुद को बड़ी प्रॉपर्टी फर्म का मालिक बताकर एक नामचीन होटल व्यवसायी को अपनी ठगी का शिकार बनाया. स्टाम्प ड्यूटी के नाम पर 9 लाख रुपये ऐंठने के बाद जब राज खुला, तो पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को धर दबोचा और सलाखों के पीछे भेज दिया.

​ऐसे रचा गया ठगी का मायाजाल

​मामले की तह तक जाएं तो मदनमहल स्थित होटल गुलजार के संचालक संजय भाटिया (61) ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई. संजय भाटिया ने बताया कि उनकी होटल में कैटरिंग का काम करने वाले सिल्पेश शिवहरे ने वर्ष 2024 में उसकी मुलाकात ब्रजेश तिवारी नामक व्यक्ति से कराई. ब्रजेश ने खुद को मुंबई की ‘अर्थ प्रॉपर्टीज एंड एस्टेट कंसल्ट’ का मालिक बताया और दावा किया कि उसकी प्राइवेट बैंकों में तगड़ी पैठ है, जिससे वह कम ब्याज पर बड़ा लोन दिलवाता है.

​संजय भाटिया ने अपनी फर्म 'स्वर्णलता एंटरप्राइजेज' के लिए 15 करोड़ रुपये के लोन की बात कही. ठग ब्रजेश तिवारी ने तुरंत पासा फेंका और 15 लाख रुपये स्टाम्प ड्यूटी के एडवांस जमा करने की शर्त रखी. भरोसा जीतने के लिए उसने अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड और फर्जी कंपनी दस्तावेज सौंपे.

​किश्तों में ऐंठे 9 लाख रुपये

​आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित व्यवसायी ने जुलाई और अगस्त 2024 के बीच अपने एसबीआई खाते से कुल 9 लाख रुपये एनईएफटी (NEFT) के जरिए आरोपी के कर्नाटका बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए. इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक फर्जी 'शॉर्ट टर्म एग्रीमेंट' भेजा और बाकी बचे 6 लाख रुपये की मांग करने लगा.
​जब पीड़ित को शक हुआ और उन्होंने जांच-पड़ताल की, तो पता चला कि आरोपी ने मध्यस्थ सिल्पेश से भी लोन के नाम पर 3.50 लाख रुपये ऐंठ लिए हैं. ठगी का अहसास होते ही जब अपने पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपी साफ मुकर गया.

​चंद्रिका टावर में घेराबंदी, सीधे भेजा गया जेल

​8 मई 2026 को आरोपी ब्रजेश तिवारी के जबलपुर आने की भनक लगते ही पुलिस एक्टिव मोड में आई. मदनमहल पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर चंद्रिका टावर में दबिश देकर आरोपी ब्रजेश तिवारी (46 वर्ष, निवासी अंधेरी वेस्ट, मुंबई एवं प्रयागराज, यूपी) को गिरफ्तार कर लिया.

​पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया गया. इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी उमेश यादव, उपनिरीक्षक अशोक मरावी, प्रधान आरक्षक के.के. श्रीवास, आरक्षक बाला और महिला आरक्षक प्रियंका की मुख्य भूमिका रही.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-