सड़क पर मिली मजदूर की लाश, जबलपुर के गुप्तेश्वर क्षेत्र में घटना से सनसनी

सड़क पर मिली मजदूर की लाश, जबलपुर के गुप्तेश्वर क्षेत्र में घटना से सनसनी

प्रेषित समय :17:45:29 PM / Wed, Oct 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित गुप्तेश्वर क्षेत्र में आज उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एमजीएम स्कूल की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे एक पुताई मजदूर का खून से लथपथ शव बरामद हुआ. सुबह-सुबह शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

सूचना मिलते ही गोरखपुर पुलिस की टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने फौरन इलाके को सील करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और जांच शुरू की. पुलिस द्वारा की गई छानबीन में मृतक की पहचान रामपुर छापर निवासी प्रदीप उर्फ राजू यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से पुताई का काम करता था. शुरुआती जांच में मामला किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए खौफनाक हादसे का नजर आ रहा है.

हालांकि, प्रदीप की मौत किन रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई और हादसा कितना भयानक था, इसका सटीक खुलासा होना अभी बाकी है. क्या यह महज एक सड़क दुर्घटना है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश? पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुट गई है. गोरखपुर पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया है और परिजनों को सूचित करते हुए मर्ग कायम कर लिया है. घटना की खौफनाक हकीकत से पर्दा उठाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी और हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ सके.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-