जबलपुर. रातों-रात करोड़पति बनने और शेयर बाजार में 500 प्रतिशत तक के तूफानी रिटर्न का सपना दिखाकर एक बेबस महिला से 2 करोड़ 27 लाख रुपये ऐंठने वाले अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह का जबलपुर पुलिस ने सनसनीखेज पर्दाफाश किया है! रोजाना 5 प्रतिशत मुनाफा और लंबी अवधि में 500 प्रतिशत तक का गारंटीड रिटर्न, इस फर्जी वादे की आड़ में रची गई ठगी की इतनी बड़ी साजिश को अंजाम दिया गया कि सुनने वालों के रोंगटे खड़े हो गए.
साइबर अपराधियों के इस खौफनाक मायाजाल का शिकार बनी जबलपुर की एक महिला, जिससे आरोपियों ने बल्क ट्रेडिंग और कम दाम में शेयर दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ऐंठ लिए. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के सख्त निर्देशों और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) श्री जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक (साइबर) श्री अंजुल अयंक मिश्रा की कमान में एक विशेष टीम का गठन किया गया. सटीक मुखबिरी और हाई-टेक साइबर सर्विलांस के दम पर जबलपुर पुलिस की टीम ने सीधे महाराष्ट्र के पुणे शहर में रेड मारी.
पुलिस ने मौके से ठगी के मुख्य किरदारों—केतन भोवोले (31 वर्ष, निवासी अकोला/पुणे) और यश देसाई (29 वर्ष, निवासी नासिक/पुणे) को धर दबोचा. आरोपियों को गिरफ्तार कर जबलपुर लाया गया, जहां कड़ाई से हुई पूछताछ में उन्होंने करोड़ों के हेरफेर का गुनाह कबूल कर लिया है. कोर्ट में पेश कर दोनों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है. इस महा-घोटाले में अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है! इस साहसिक कार्रवाई को अंजाम देने में उप निरीक्षक अभिषेक कैथवास, उप निरीक्षक आशुतोष मिश्रा, प्रधान आरक्षक हरीश डेहरिया, आरक्षक संतोष जाट, संजय मरावी, पवन डेहरिया और मनोज चौधरी की जांबाज भूमिका रही.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

