जबलपुर में गरबा आयोजकों को पुलिस की दो टूक, रात 11 बजे थम जाना चाहिए डीजे के सुर

जबलपुर में गरबा आयोजकों को पुलिस की दो टूक, रात 11 बजे थम जाना चाहिए डीजे के सुर

प्रेषित समय :20:30:36 PM / Thu, Oct 8th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. आगामी दुर्गोत्सव एवं नवरात्रि पर्व को भव्य, अनुशासित और पूरी तरह सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जबलपुर पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है. पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) डॉ. आयुष जाखड़ व मनीष भारद्वाज की मौजूदगी में शहर के करीब 150 गरबा आयोजकों, सीएसपी, डीएसपी और थाना प्रभारियों की एक अहम समीक्षा बैठक संपन्न हुई.

बैठक में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि सुरक्षा और अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस बल तैनात रहेगा और गश्ती टीमें लगातार क्षेत्र में मुस्तैद रहेंगी.

सुरक्षा और आयोजन के लिए प्रमुख दिशा-निर्देश-
समय सीमा व साउंड कंट्रोल: रात 11 बजे तक गरबा कार्यक्रमों का समापन अनिवार्य होगा. साउंड सिस्टम की आवाज परिसर से बाहर नहीं जानी चाहिए. इसके लिए पुलिस, सीएसपी और एसडीएम से अग्रिम अनुमति लेना जरूरी है.

सख्त एंट्री और चेकिंग-
केवल अधिकृत पास धारकों को ही गहन तलाशी के बाद प्रवेश मिलेगा. सभी प्रतिभागियों के लिए आईडी कार्ड अनिवार्य रहेगा. परिसर में अनावश्यक बैग या सामान ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.

पारंपरिक वेशभूषा व गरिमा-
गरबा नृत्य केवल पारंपरिक परिधानों में ही किया जा सकेगा. प्रस्तुतियां पूरी तरह धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा के अनुकूल होनी चाहिए, जिससे किसी भी वर्ग की भावनाएं आहत न हों.
सुरक्षित ड्रॉप/पिकअप व पृथक कतारें- आयोजकों को प्रतिभागियों के आने-जाने (ड्रॉप/पिकअप) की सुरक्षित व्यवस्था करनी होगी. एंट्री गेट्स पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई जाएंगी.

इमरजेंसी गेट और सुरक्षा बल-
प्रत्येक गरबा पंडाल में अनिवार्य रूप से एक इमरजेंसी एग्जिट (आपातकालीन द्वार) बनाना होगा. आयोजक पर्याप्त सुरक्षा गार्ड और वॉलंटियर्स तैनात करेंगे, जिनकी सूची संबंधित थाने में जमा होगी. इन वॉलंटियर्स को विशेष पुलिस अधिकारी का दर्जा दिया जाएगा.

यातायात और इलेक्ट्रिकल सेफ्टी-
मुख्य सड़कों पर जाम न लगे, इसके लिए पार्किंग की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी. इसके अलावा, घटिया या कटी-फटी बिजली तारों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा और सभी वायरिंग बच्चों की पहुंच से दूर रखी जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-