जबलपुर. पनागर थानान्तर्गत बरझाई बायपास रो पर मोटर साइकल सवार युवकों को पिकअप वाहन ने टक्कर मारकर कुचल दिया. हादसे में एक युवक सुशील केवट की मौत हो गई. वहीं दीपक कोल के शरीर पर गंभीर चोटें आई. दुर्घटना होते देख राह चलते लोग रुक गए, जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर फरार हुए पिकअप चालक की तलाश शुरु कर दी है.
पुलिस के अनुसार ग्राम तिवारीखेड़ा पनागर निवासी सुशील केवट अपने दोस्त दीपक कोल के साथ मोटर साइकल से अपने घर पनागर जाने के लिए निकला, दोनों जब बम्हनोदा होते हुए बरझैया बायपास पर पहुंचे, इस दौरान पीछे से आए पिकअप वाहन के चालक ने टक्कर मार दी. पिकअप की टक्कर लगते ही दोनों युवक मोटर साइकल सहित सामने की ओर गिरे. दुर्घटना होते देख राह चलते लोगों में चीख पुकार मच गई, वहीं कुछ लोग पहुंच गए और पुलिस को खबर दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया. जहां पर डाक्टरों ने सुशील केवट को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, वहीं दीपक की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद शहर के शासकीय अस्पताल पहुंचाया. घटना के बाद इस रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे, पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया, इसके बाद यातायात सामान्य हो सका.वहीं पुलिस द्वारा फरार हुए पिकअप वाहन के चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.

