कोटा. वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे एम्प्लॉईज यूनियन (डबलूसीआरईयू) कोटा मंडल ने रेलवे कर्मचारियों को एक से अधिक पंजीकृत रेल्वे को.आपरेटिव सोसाइटी ऋण समितियों की सदस्यता लेने तथा नियमानुसार ऋण प्राप्त करने की सुविधा तत्काल बहाल करने की मांग पर 09 अक्टूबर को पूरे कोटा मंडल के भरतपुर, बयाना, गंगापुरसिटी, रामगंजमंडी, शामगढ़, बूंदी में रैली, धरना व विशाल विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया. कोटा में रेलकर्मचारियों ने मंडल यूनियन से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय तक रैली निकालकर जोरदार नारेबाजी करते हुये मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर आम सभा का आयोजन किया.
वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे एम्पलाईज यूनियन के कोषाध्यक्ष इरशाद खान ने बताया कि वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे एम्पलाईज यूनियन ने पूर्व में रेलवे कर्मचारी निर्धारित नियमों, पात्रता शर्तों तथा वेतन से कटौती की सीमा के अधीन एक से अधिक सहकारी ऋण समितियों के सदस्य बन सकते थे तथा उनसे ऋण सुविधा भी प्राप्त कर सकते थे,लेकिन वर्तमान में अपनाई जा रही व्यवस्था के कारण कर्मचारियों को दूसरी सहकारी ऋण समिति की सदस्यता लेने अथवा वहां से ऋण प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
आम सभा को संबोधित करते हुये यूनियन के महामंत्री कॉमरेड मुकेश गालव ने बताया कि अनेक रेल कर्मचारियों की एक से अधिक पंजीकृत सहकारी ऋण समितियों में सदस्यता है. ऐसे में केवल किसी एक समिति का सदस्य होने या वहां से ऋण लेने के आधार पर दूसरी पात्र सहकारी समिति की वैध सुविधाओं से वंचित करना उचित नहीं है. कर्मचारियों को नियमानुसार सदस्यता एवं ऋण सुविधा प्राप्त करने का अवसर मिलना चाहिए, बशर्ते संबंधित समिति के नियमों और वेतन से कटौती की सीमा का पालन किया जाए. मंडल रेल प्रशासन से मांग की है कि कर्मचारियों को एक से अधिक पात्र सहकारी ऋण समितियों की सदस्यता एवं ऋण सुविधा प्राप्त करने की अनुमति दी जाए, संबंधित कार्मिक, लेखा एवं वेतन अनुभागों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं तथा इस संबंध में एक पारदर्शी और समान प्रक्रिया निर्धारित की जाए.
कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए सहकारी समितियों के लागू नियमों, वैधानिक प्रावधानों और वेतन कटौती की सीमा के अनुरूप निर्णय लिया जाना चाहिए ताकि कर्मचारियों को अनावश्यक आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े. यूनियन के महामंत्री कॉमरेड मुकेश गालव व कोषाध्यक्ष इरशाद खान के द्वारा मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा. विशाल प्रदर्शन एवं रैली में लगभग 400 से अधिक रेल कर्मचारियों ने भाग लिया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

