एमपी : राज्य पुलिस सेवा के 18 सीनियर अधिकारियों को मिला हाई पे स्केल, दो कैटेगरी में मिलेगा लाभ

एमपी : राज्य पुलिस सेवा के 18 सीनियर अधिकारियों को मिला हाई पे स्केल, दो कैटेगरी में मिलेगा लाभ

प्रेषित समय :10:30:58 AM / Sat, Oct 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

भोपाल. मध्यप्रदेश शासन ने राज्य पुलिस सेवा (एसपीएस) संवर्ग के 18 वरिष्ठ अधिकारियों को हाई पे-स्केल का लाभ देने का निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में लिए गए इस निर्णय के तहत सात अधिकारियों को अधिसमय वेतनमान और 11 अधिकारियों को सीनियर सिलेक्ट कैटेगरी पे-स्केल स्वीकृत किया गया है. गृह विभाग की विभागीय छानबीन समिति ने अधिकारियों की पात्रता और सेवाकाल का परीक्षण करने के बाद यह निर्णय लिया.

शासन के इस फैसले से लंबे समय से सेवाएं दे रहे वरिष्ठ अधिकारियों को उनके सेवाकाल के अनुरूप वेतनमान का लाभ मिलेगा. विभाग के अनुसार, यह कदम अधिकारियों के अनुभव और पुलिस सेवा में उनके योगदान के अनुरूप समयबद्ध सेवा लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में उठाया गया है.

इन 7 अधिकारियों को सुपर टाइम पे-स्केल

वर्ष 2001 बैच तक के सात वरिष्ठ अधिकारियों को अधिसमय वेतनमान (सुपर टाइम स्केल) स्वीकृत किया गया है. छठे वेतनमान के अनुसार इस श्रेणी में 37,400 से 67,000 रु वेतनमान और 8,900 रु ग्रेड पे निर्धारित है. इस श्रेणी में अजय प्रताप सिंह, घनश्याम मालवीय, इरमीन शाह, अरविन्द कुमार दुबे, अमरेन्द्र सिंह, आशीष खरे और उमेश कुमार शर्मा को शामिल किया गया है.

इन 11 अधिकारियों को वरिष्ठ प्रवर श्रेणी वेतनमान

वर्ष 2006 बैच तक के 11 वरिष्ठ अधिकारियों को वरिष्ठ प्रवर श्रेणी वेतनमान (सीनियर सिलेक्शन ग्रेड) स्वीकृत किया गया है. छठे वेतनमान के अनुसार इस श्रेणी के लिए 37,400 से 67,000 रु वेतनमान और 8,700 रु ग्रेड पे निर्धारित है. इसका लाभ पाने वाले अधिकारियों में परमिन्दर सिंह सैनी, नवीन कुमार चौधरी, अखिलेश सिंह रेनवाल, अभिषेक दीवान, डॉ. संजीव कुमार उईके, शिवकुमार सिंह, अंतर सिंह कनेश, नवल सिंह सिसोदिया, ज्योति ठाकुर, सुनीता रावत और बालमुकुंद शाक्य शामिल हैं.

कार्यक्षमता को मिलेगी मजबूती, बढ़ेगा मनोबल

राज्य सरकार का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों को नियमानुसार सेवा लाभ मिलने से उनका मनोबल बढ़ेगा और कार्यक्षमता को मजबूती मिलेगी. अनुभवी अधिकारियों को समय पर वेतनमान संबंधी लाभ उपलब्ध कराना पुलिस प्रशासन के मानव संसाधन प्रबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा है. सरकार के अनुसार, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कल्याण तथा उन्हें नियमानुसार सेवा लाभ उपलब्ध कराने पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-