जबलपुर. एमपी के जबलपुर बाइकर्स गैंग ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाकर रख दी हैं. गढ़ा और कैंट थाना क्षेत्रों में चंद घंटों के भीतर हुई वारदातें यह साबित करने के लिए काफी हैं कि रात के अंधेरे में आम नागरिकों का निकलना दूभर हो चुका है. शराब के पैसे मांगने, मना करने पर चाकू से हमला करने, पर्स झपटने और मोबाइल छीनने की बैक-टू-बैक घटनाओं से शहरवासी खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं.
डिलीवरी बॉय पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला-
गढ़ा थाना क्षेत्र में बीती रात 12 बजेे स्वागी का डिलीवरी बॉय जीत सोनी उम्र 20 वर्ष निवासी ग्वारीघाट, एलआईसी बग्गा इन होटल की ओर पार्सल देने जा रहा था. जैसे ही वह प्रेमनगर सत्यम होटल मोड़ के पास रुका, मदनमहल की तरफ से एक काली पल्सर पर सवार दो बदमाश आ पहुंचे. बदमाशों ने शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे. जब जीत ने पैसे देने से इनकार किया, तो दबंगों ने गालियां देते हुए उस पर हमला बोल दिया. सांवले रंग के एक लड़के ने चाकू निकालकर जीत के पैर पर दो जगह गहरे वार कर दिए.
बुजुर्ग ई-रिक्शा चालक को मुक्का मारकर पर्स छीना-
गढ़ा थाना क्षेत्र में ही दूसरी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. 63 वर्षीय विमल विश्वकर्मा, जो ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवन यापन करते हैं, बीती रात 11 बजे प्रेमनगर से सवारी छोड़कर एमजी शोरूम के पास खड़े थे. तभी वही काली बाइक सवार दो दरिंदे वहां पहुंचे और बुजुर्ग के चेहरे पर जोरदार मुक्का मारकर खून-खराबा कर दिया. बदमाशों ने उनके पास से लगभग 3,500 रुपये से भरा पर्स झपटा और एलआईसी की तरफ रफूचक्कर हो गए.
कैंट इलाके में मोबाइल झपटमारों का दुस्साहस-
कैंट थाना क्षेत्र भी इन शातिर झपटमारों के निशाने पर रहा. सतना से प्रॉपर्टी के सिलसिले में आए दिनेश कुमार कलवानी 43 वर्ष रात 8 बजे चर्च के पास टॉर्च जलाकर पैदल चल रहे थे, तभी पीछे से आई बाइक पर सवार दो नवयुवकों ने झपट्टा मारकर उनका 40 हजार का सैमसंग अल्ट्रा मोबाइल छीन लिया. इसी तरह नागपुर से ड्यूटी निपटाकर लौटे एनसीसी बटालियन के हवलदार प्रवीण कोले (34) जब सुबह 6 बजे एम्पायर टॉकीज चौराहा के पास पहुंचे, तो बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनका कीमती एप्पल झपट लिया. कैंट थाना पुलिस ने दोनों मामलों में धारा 304(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

