जबलपुर. एमपी के जबलपुर में नवरात्र, दशहरा सहित आने वाले त्यौहारों को देखते हुए पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है. जिसके चलते पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में बलवा ड्रिल की गई. इसमें पुलिसकर्मियों ने उपद्रव और पथराव जैसी स्थितियों से निपटने का अभ्यास किया. इसके बाद शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला.
बताया गया है कि बलवा ड्रिल के दौरान अधिकारियों की उपस्थिति में टीयर गैस पार्टी और वज्र वाहन से आंसू गैस के गोले छोड़े गए. वाटर कैनन की मदद से नकली दंगाइयों को काबू करने का अभ्यास भी किया गया. अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निष्पक्ष कार्रवाई करने और पथराव से बचाव के लिए बॉडीगार्ड, हेलमेट व सुरक्षा जाली जैसे उपकरण पहनने के निर्देश दिए. इसके बाद शाम होते होते नवरात्र व दशहरा को देखते हुए शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया.
यह पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू होकर घंटाघर, बड़ी ओमती, भरतीपुर, गलगला, फूटाताल, सराफा चौक, कोतवाली, मिलौनीगंज, मछली मार्केट, नालबंद मोहल्ला, बूढ़ी खेरमाई, चार खम्बा और बेनी सिंह की तलैया से होते हुए गोहलपुर तिराहे पर समाप्त हुआ. फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ पैदल चले. इस कवायद के जरिए पुलिस ने नागरिकों को त्योहारों के दौरान सुरक्षा का भरोसा दिलाया. साथ ही असामाजिक तत्वों को संदेश दिया कि माहौल बिगाडऩे की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

