मोतिहारी में नवविवाहित दंपती की संदिग्ध मौत, पहले पति ने तोड़ा दम, फिर पत्नी का कमरे में मिला शव

मोतिहारी में नवविवाहित दंपती की संदिग्ध मौत, पहले पति ने तोड़ा दम, फिर पत्नी का कमरे में मिला शव

प्रेषित समय :16:36:53 PM / Mon, Oct 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मोतिहारी. बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. हरसिद्धि थाना क्षेत्र के हरपुर राय गांव में एक नवविवाहित दंपती के शव फंदे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतकों की पहचान परवेज आलम और उसकी पत्नी सोनी खातून के रूप में हुई है. दोनों ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था. घटना के बाद पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है.

परिवार की मर्जी के खिलाफ किया था प्रेम विवाह

जानकारी के मुताबिक, सोनी खातून मलाही थाना क्षेत्र के सिकटिया गांव की रहने वाली थी. स्थानीय लोगों के अनुसार, परवेज और सोनी के बीच प्रेम संबंध था. दोनों ने करीब एक साल पहले घरवालों की सहमति के बिना शादी कर ली थी. विवाह के बाद दोनों हरपुर राय गांव में साथ रह रहे थे.

पति की मौत के बाद पत्नी ने भी लगा ली फांसी

मृतक परवेज के पिता इब्राहिम मियां के मुताबिक, रविवार को परवेज अपनी पत्नी के साथ ससुराल से घर लौटा था. दोनों ने खाना खाया और सोने चले गए. कुछ देर बाद घर की एक महिला ने शोर मचाते हुए परिजनों को बताया कि परवेज फंदे से लटका हुआ है.

परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला. इसके बाद उसे इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजन शव को वापस घर ले आए. इसी दौरान जानकारी मिली कि सोनी ने घर के पीछे स्थित एक कमरे में फांसी लगा ली है. इस घटनाक्रम के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई.

पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. थानाध्यक्ष सुनील कुमार के अनुसार, शुरुआती जानकारी में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन किसी अन्य आशंका से इनकार नहीं किया गया है. इसी वजह से पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया, ताकि जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम से जुड़ी जानकारियां एकत्र कर रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

फिलहाल इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि दंपती की मौत किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच से मिलने वाले साक्ष्यों का इंतजार है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-