जबलपुर. एमपी के जबलपुर में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक डीजे और लाउड स्पीकर बजाने पर प्रतिबंध है. इसके बावजूद दुर्गा पंडालों और सड़कों पर तेज आवाज में डीजे बजाए जा रहे हैं. नागरिक उपभोक्ता मंच ने अपर मजिस्ट्रेट रविशंकर राय को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है. मंच का दावा है कि जिले में 90 प्रतिशत तक डीजे बिना अनुमति के बज रहे हैं. इस पर अपर मजिस्ट्रेट ने पुलिस को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं.
अपर मजिस्ट्रेट रविशंकर राय ने 9 अक्टूबर को आदेश जारी कर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक डीजे और लाउड स्पीकर बजाने पर प्रतिबंध लगाया था. इसके बावजूद डीजे संचालकों की ओर से आदेश का उल्लंघन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं. आज सामाजिक संगठनों के लोगों ने अपर मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की. नागरिक उपभोक्ता मंच ने शिकायत पत्र में बताया कि जिले में 90 प्रतिशत तक डीजे बिना अनुमति के बज रहे हैं. दुर्गोत्सव के दौरान जगह-जगह पंडाल लगे हैं, जहां तेज आवाज में डीजे बजने से खासकर बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी हो रही है. मंच के अध्यक्ष डॉ. पीजी नाजपांडे ने बैतूल में डीजे के शोर से एक बच्चे की मौत होने की घटना का हवाला दिया. मंच ने मांग की कि डीजे पर रोक लगाने के लिए पुलिस-प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करे, ताकि आम जनता में कार्रवाई को लेकर गलत संदेश न जाए.
मंच ने की निगरानी समिति बनाने की मांग-
मंच ने मांग की कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर डीजे जब्त किए जाएं. हर क्षेत्र में निगरानी समिति गठित की जाए, जो प्रतिदिन अपनी रिपोर्ट पेश करे. इसके अलावा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देश दिए जाएं कि वह हर क्षेत्र में जाकर ध्वनि के डेसिबल स्तर की रिपोर्ट तैयार करे. अपर मजिस्ट्रेट रविशंकर राय ने शिकायत को गंभीर माना. उन्होंने कहा कि पुलिस और राजस्व अधिकारी पहले से ही निगरानी कर रहे हैं. बिना अनुमति के डीजे बजाने पर रोक है. सभी दुर्गा पंडालों के आयोजकों को आदेश का सख्ती से पालन करना होगा.
पुलिस अधिकारी बोले, की जा रही है कार्यवाही-
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 11 अक्टूबर को बैठकी वाली रात जिले में कई थानों में कार्रवाई की गई. एएसपी आयुष जाखड़ ने बताया कि देर रात शहर और ग्रामीण क्षेत्र के पांच थाना क्षेत्र में डीजे जब्त किए गए हैं. उन्होंने कहा कि सभी को प्रशासन के आदेश का पालन करना होगा. उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. जबलपुर में भी पुलिस ने सिविल लाइन, कैंट, रांझी, मदनमहल और पनागर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए डीजे जब्त किए हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

