जबलपुर. एमपी के पन्ना स्थित अमानगंज में स्थित जेके सीमेंट फैक्ट्री पर अवैध खनन के आरोपों से जुड़े मामले में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है. चीफ जस्टिस अल्पेश वाई. कोगजे और जस्टिस विवेक जैन की डिवीजन बेंच ने आज सुनवाई के दौरान सरकार से दो सप्ताह में जवाब मांगा. कोर्ट ने यह भी पूछा कि शिकायतकर्ता अंकित पाठक की ओर से अब तक की गई शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई है.
पन्ना निवासी अंकित पाठक ने याचिका में आरोप लगाया है कि अमानगंज के पुरैना स्थित जेके सीमेंट फैक्ट्री की ओर से अवैध खनन किया जा रहा है. उनका कहना है कि इस संबंध में पुलिस और प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि उनके खिलाफ ही मामले दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई. इससे पहले पन्ना की ग्राम पंचायत कोनी के किसानों और ग्रामीणों ने भी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जेके सीमेंट प्रबंधन पर बिना अनुमति खुदाई कराने के आरोप लगाए थे. शिकायत में कोटवार के नाम दर्ज जमीन, शासकीय प्राथमिक स्कूल की भूमि और किसानों की निजी जमीन पर उत्खनन किए जाने की बात कही गई थी. ग्रामीणों ने अपनी शिकायत में संबंधित खसरा नंबरों का उल्लेख करते हुए कहा था कि बिना वैधानिक अनुमति जमीनों की खुदाई की गई, जिससे उनकी स्थिति खराब हुई. एक किसान ने आरोप लगाया था कि विरोध करने पर उसकी जमीन को और नुकसान पहुंचाया गया.
खनिज विभाग की जांच के बाद कार्रवाई नहीं होने का दावा-
अंकित पाठक के अनुसार उनकी शिकायत पर खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण और जांच की थी, लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. उनका यह भी कहना है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कंपनी के खिलाफ कदम उठाने के बजाय उनके खिलाफ ही कार्रवाई शुरू कर दी. शिकायतकर्ता के अनुसार, तहसीलदार सिमरिया की ओर से उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 और 136(3) के तहत नोटिस जारी किया गया. इस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई थी. उनका आरोप है कि अवैध खनन की शिकायत करने वालों को ही परेशान किया जा रहा है.
हाईकोर्ट ने शिकायतों पर कार्रवाई का ब्योरा मांगा-
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से पूछा कि अंकित पाठक की शिकायतों पर अब तक क्या कदम उठाए गए हैं. कोर्ट ने सरकार को दो सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं. फिलहाल, हाईकोर्ट का आदेश सरकार से जवाब और शिकायतों पर हुई कार्रवाई का ब्योरा मांगने तक सीमित है. अवैध खनन के आरोपों और शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई को लेकर उठाए गए सवालों पर सरकार का जवाब आने के बाद मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.

