एमपी की मोहन सरकार का लाड़ली बहनों को लेकर बड़ी घोषणा, छूटी हुई महिलाओं के जुडऩे वाले हैं नाम

एमपी की मोहन सरकार का लाड़ली बहनों को लेकर बड़ी घोषणा, छूटी हुई महिलाओं के जुडऩे वाले हैं नाम

प्रेषित समय :18:07:21 PM / Wed, Oct 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

भोपाल. लाड़ली बहना योजना के हितग्राही के तौर पर यदि नाम छूट गया है या फिर अब तक नहीं जुड़ा है, तो उनके लिए बड़ी खबर है. मोहन सरकार ऐसी छूटी हुई लाड़ली बहनों की संख्या जुटाने के साथ उनकी पंजीयन प्रक्रिया जल्द शुरू कर सकती है. मध्य प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने बताया कि सीएम डॉ मोहन यादव ने ये निर्देश दिए हैं कि इन छूटी हुई महिलाओं को भी योजना का लाभ मिलना चाहिए. इसके लिए जल्द योजना का पोर्टल खोले जाने की तैयारी है.

लाड़ली बहना में अब फिर जुड़ सकेगा नाम, खुलेंगे पोर्टल

मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना में जो महिलाएं अपना नाम नहीं जुड़वा पाई हैं. ये राहत की खबर उन्हीं के लिए है. इस योजना से वंचित रहीं इन महिलाओं को मौका देने मोहन सरकार जल्द पोर्टल दोबारा खोलने जा रही है. मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने इस बात की जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से अब तक वंचित रह गई महिलाओं को बड़ी राहत मिलने वाली है. मोहन सरकार योजना में छूट गई महिलाओं को योजना में जोडऩे की तैयारी कर रही है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐसी महिलाओं की संख्या जुटाने के साथ उनके पंजीयन की प्रक्रिया को भी निर्देशित किया है.

जल्द घोषित होगी रजिस्ट्रेशन की तारीख

स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल का कहना है कि जल्द ही योजना से छूटी हुई महिलाओं के नाम पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे. इसके लिए पोर्टल खोलने की तैयारी की जा रही है. मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहनों के खातों में राशि अंतरित करने के साथ ही योजना से छूट गई महिलाओं को जोडऩे की बात भी कही है. इसके पहले सरकार यह पता लगा रही है कि कितनी महिलाएं अब तक योजना में शामिल नहीं हो पाई हैं और उनका पंजीयन किस प्रक्रिया के तहत किया जा सकता है. योजना में नए नाम जोडऩे की तैयारी के बीच अभी पंजीयन की समय-सीमा घोषित नहीं की गई है. मंत्री के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने सबसे पहले छूटी हुई महिलाओं की संख्या का आकलन करने के निर्देश दिए हैं. इसके बाद पंजीयन की प्रक्रिया और पोर्टल खोलने की तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

जून से अब तक लाड़ली बहनों के खाते में आई 41 किश्त

इस योजना में जून 2023 में लगभग 1.25 करोड़ लाभार्थी महिलाओं को पहली मासिक आर्थिक सहायता राशि भेजी गई थी. अक्टूबर 2026 तक नियमित रूप से 41 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उमरिया के गुरुवाही ग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन में सिंगल क्लिक के जरिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 41वीं किस्त डाली. इसमें करीब 1834 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई. वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना में 23,882.81 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है.

ढाई साल बाद आई छूटी हुई लाड़ली बहनों की याद

कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक का कहना है कि ये ढाई साल बाद पता चला इन्हें जब नगाड़े बजने लगे. कौन से नाम छूटे उन्हें जोडऩा है. इन्होंने एक साल के भीतर लाड़ली बहनों को तीन हजार देने का एलान किया था, दिए क्या. बोलियां लगा रहे थे शिवराज सिंह चौहान दिए क्या. जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, लाड़ली बहना याद आ री है. नौकरी दे नहीं पाए. अब याद आ रहा है छूटे हुए नाम जोडऩे की. चुनाव तक आते आते इसे तीन हजार करेंगे. ताकि रोजगार मंहगाई कानून व्यवस्था से लोगों का ध्यान हटे, लेकिन जिन्हें सबसे ज्यादा जरूरत है, बुजुर्ग महिलाओं को उन्हें इस योजन में शमिल ही नहीं किया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-