शेयर मार्केट : कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से उछला बाजार, सेंसेक्स 1,533 अंक तो निफ्टी 23,000 के पार बंद

शेयर मार्केट : कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से उछला बाजार, सेंसेक्स 1,533 अंक तो निफ्टी 23,000 के पार बंद

प्रेषित समय :17:47:32 PM / Thu, Oct 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. शेयर बाजार में गुरुवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली. वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट और मजबूत घरेलू सेंटिमेंट के दम पर घरेलू बेंचमार्क इंडेक्स भारी बढ़त के साथ बंद हुए. इस तेजी से निवेशकों की चिंताएं काफी हद तक कम हुई हैं.

कारोबारी सत्र में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 1,533.72 अंक की भारी बढ़त के साथ 74,315.61 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 374.65 अंक चढ़कर 22,997.35 के स्तर पर सेटल हुआ. हालांकि, निफ्टी ने इंट्राडे ट्रेडिंग के दौरान 23,000 के महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर लिया था, लेकिन क्लोजिंग बेल तक यह इससे मामूली नीचे रहा.

आईटी और प्राइवेट बैंकों में रही धूम

कारोबार में निफ्टी के शेयरों में टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक और भारती एयरटेल सबसे ज्यादा मुनाफे वाले शेयर रहे. सेक्टोरल परफॉर्मेंस की बात करें तो निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी आईटी इंडेक्स में सबसे ज्यादा खरीदारी देखी गई. इसके विपरीत, निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स का प्रदर्शन सबसे खराब रहा.

छोटे और मझोले शेयरों पर रहा दबाव

मुख्य सूचकांकों में भारी तेजी के बावजूद ब्रॉडर मार्केट में सुस्ती रही. गुरुवार को निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.36 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 1.31 प्रतिशत तक टूटकर बंद हुआ.

मजबूत हुआ भारतीय रुपया

शेयर बाजार की शानदार तेजी और डॉलर इंडेक्स में आई कमजोरी के चलते आज भारतीय रुपये में भी मजबूती देखी गई. रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 9 पैसे मजबूत होकर 95.05 के स्तर पर बंद हुआ.

निफ्टी के लिए क्या हैं महत्वपूर्ण टेक्निकल लेवल्स?

मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, निफ्टी ने आज ऊंचे स्तर पर ओपनिंग के बाद हायर हाई और हायर लो का पैटर्न बनाया, जो बाजार में मजबूत खरीदारी और बुल्स की वापसी का संकेत है. एक्सपर्ट्स के अनुसार, 23,000 से 23,100 का दायरा निफ्टी के लिए तत्काल रेजिस्टेंस जोन है. अगर निफ्टी इस लेवल के ऊपर टिकने में कामयाब होता है, तो बाजार में तेजी और बढ़ सकती है, जो इसे 23,300 से 23,400 के स्तर तक ले जा सकती है. नीचे की तरफ यदि निफ्टी 22,800 के स्तर को बनाए रखने में विफल रहता है, तो बाजार में दोबारा बिकवाली का दबाव दिख सकता है. ऐसी स्थिति में इंडेक्स 22,600 से 22,500 के सपोर्ट जोन तक फिसल सकता है. बाजार विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में बाजार की चाल काफी हद तक कंपनियों के दूसरी तिमाही के नतीजों, विदेशी निवेशकों (एफआईआक) के रुख और कच्चे तेल की स्थिरता पर निर्भर करेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-