बीना-ग्वालियर ट्रेन में 16 लाख के जेवर चोरी, चार महीने बाद यूपी के सुनार को जीआरपी ने किया गिरफ्तार

बीना-ग्वालियर ट्रेन में 16 लाख के जेवर चोरी, चार महीने बाद यूपी के सुनार को जीआरपी ने किया गिरफ्तार

प्रेषित समय :17:38:21 PM / Thu, Oct 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

गुना. मध्य प्रदेश में बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन में परिवार के ट्रॉली बैग से लाखों रुपए के जेवर चोरी करने के मामले में जीआरपी गुना ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले हाथरस निवासी सुनार को गिरफ्तार किया है. चार माह से फरार चल रहे आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार, बरामद आभूषणों की वर्तमान कीमत करीब 17 लाख 28 हजार रुपए बताई गई है. मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के सात सदस्य पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं.

जीआरपी के अनुसार 13 जून को आविद खान निवासी अशोकनगर अपने परिवार के साथ ट्रेन क्रमांक 51883 बीना-ग्वालियर पैसेंजर से यात्रा कर रहे थे. इसी दौरान अज्ञात बदमाश उनके ट्रॉली बैग से करीब 16 लाख रुपए के आभूषण चोरी कर ले गए थे. शिकायत पर जीआरपी गुना ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी.

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी के आभूषण उत्तर प्रदेश के हाथरस निवासी सुनार धर्मेन्द्र सोनी उर्फ मोनू को बेचे गए थे. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय से रिमांड प्राप्त किया और उसके कब्जे से सोने के हार, कंगन, अंगूठियां, नथ और चांदी की पायल सहित अन्य आभूषण बरामद किए. पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है.

सात आरोपियों की जमानत निरस्त

इस मामले में पुलिस पहले ही गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है. पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन आरोपियों को हाईकोर्ट से मिली जमानत भी निरस्त हो चुकी है. फरार सुनार की गिरफ्तारी और आभूषणों की बरामदगी को जीआरपी ने मामले की जांच में महत्वपूर्ण सफलता बताया है, जिसका आज खुलासा किया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-