पिपरिया. एमपी रायसेन जिले के बरेली से फिल्म दिखाने के बहाने अपने बच्चों को पिपरिया लेकर आए पिता ने आत्महत्या कर ली. लेकिन कुछ समय बाद पिता द्वारा कार में साथ लाए दोनों बच्चों के शव मिलने पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक बच्चों में से एक की उम्र 14 वर्ष और दूसरे की 11 वर्ष थी. मृतक अजय पिता नारायण सिंह धाकड़ उदयपुरा के ग्राम छातेर पिपरिया में पटवारी था. मृतक पटवारी द्वारा रेलवे स्टेशन की मंगलवारा क्षेत्र की पार्किंग में अपनी कार खड़ी करने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
जिसमें पटवारी ने खुद सुसाइड करने से पहले अपने बच्चों को दो बार गेट खोल कर देखा. इसके बाद दोपहर 3 बजे उसने आत्महत्या कर ली. पटवारी के आत्महत्या करने की सूचना मिलने के बाद जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर जांच की. स्थानीय मंगलवारा पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई. मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई.
पिता के साथ बच्चे होने की दी सूचना
रविवार देर शाम मृतक पटवारी के परिजन पिपरिया पहुंचे तो उन्होंने पिता के साथ दो बच्चे होने की जानकारी भी दी. इसके बाद बच्चों की खोजबीन की गई तो मृतक पटवारी द्वारा रेलवे स्टेशन की पार्किंग में पार्क की गई कार मिल गई. जब कार के अंदर नजारा देखा गया तो परिजनों के होश उड़ गए. कार की पिछली सीट पर दोनों बच्चों के शव पड़े हुए थे. पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर जांच की. प्रारंभिक जांच में जो तथ्य निकल कर सामने आए हैं उसमें बच्चों की पहले से ही हत्या करके कार में लाया गया था, क्योंकि खुद पिता ने वह कार पार्क की थी तो पुलिस प्रारंभिक तौर पर पिता के द्वारा बच्चों की हत्या करने के बाद खुद आत्महत्या करने के मामले को लेकर जांच कर रही है. हालांकि घटना के पीछे की असल वजह क्या है और किन परिस्थितियों में यह पूरा घटनाक्रम हुआ, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है. मंगलवारा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
हाथ बांधने के मिले निशान
दोनों बच्चों के शव की शिनाख्त के दौरान सामने आया कि बच्चों के हाथ में किसी रस्सी के बांधने के निशान मिले हैं. इसके अलावा एक बच्चे के गाल में थप्पड़ मारने के निशान भी मिले हैं. कार में तकिया भी मिला है. पुलिस प्रारंभिक तौर पर यह मान रही है कि बच्चों को किसी अन्य स्थान पर तकिया से गला दबा कर मारा गया होगा. एक बच्चे के द्वारा आवाज करने पर उसके गाल में थप्पड़ मारे गए होंगे. हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने लाने की बातें कह रही है.
मानसिक तनाव की बातें नहीं समझ पाए
मृतक के परिजनों ने बताया कि, 40 साल का अजय अलीगंज का रहने वाला था और बरेली में निवास करता था. अजय उदयपुरा के ग्राम छातेर पिपरिया में पटवारी था. परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ महीने से वह मानसिक तनाव में था. कई बार आत्महत्या करने की बातें कहता था. लेकिन हम उसकी बातें नहीं समझ पाए. बच्चों समर्थ और शिवा को फिल्म दिखाने के बहाने पिपरिया लेकर आया था.
मौत की सही वजह की जांच कर रहे हैं
एसडीओपी पिपरिया अशीष पंवार ने बताया कि, एक व्यक्ति के आत्महत्या की सूचना मिली थी. घटना के बाद आए परिजनों को पार्किंग में कार मिली. जिसमें दो बच्चों के शव मिले. बच्चों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उनकी मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है जांच पूरी होने और तथ्यों के सामने आने के बाद ही पता चल सकेगा कि आखिर इस दर्दनाक घटनाक्रम के पीछे क्या कारण है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

